
बीकानेर, 19 सितंबर। सेवा पखवाड़ा के तहत ग्राम पंचायत जलालसर में शुक्रवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में गणेशाराम को स्वच्छ भारत मिशन योजनान्तर्गत शौचालय निर्माण कार्य की स्वीकृति जारी की गई। गणेशाराम ने बताया कि उसका परिवार अनुसूचित जाति वर्ग में आता है। उसके घर में शौचालय नहीं बना हुआ है। इस कारण परिवार के सदस्यों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उसने शिविर प्रभारी को स्वच्छ भारत मिशन योजनांतर्गत शौचालय निर्माण का आवेदन एवं परिवाद प्रस्तुत किया। शिविर प्रभारी ने त्वरित कार्यवाही करते हुए निर्माण कार्य की स्वीकृति जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित कार्मिक ने तुरंत आवेदन लेते हुए प्रक्रिया पूर्ण कर गणेशाराम को मौके पर ही शौचालय निर्माण कार्य की स्वीकृति जारी कर, राहत प्रदान की। गणेशाराम ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।