
बीकानेर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने गुरुवार को बीकानेर में एक पुलिसकर्मी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। जानकारी के अनुसार, कार्रवाई एसीबी के एएसपी आशीष के नेतृत्व में गंगाशहर इलाके में की गई। यहां एएसआई अरुण मिश्रा पर आरोप था कि उसने मारपीट के एक प्रकरण में समझौता कराने के एवज में परिवादी से 50 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में 10 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। परिवादी की शिकायत पर एसीबी ने मामले का सत्यापन करवाया और जाल बिछाया। तय समय पर जैसे ही एएसआई ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।