
बीकानेर। महावीर इंटरनेशनल, बीकानेर के वर्ष 2025-27 के सत्र के लिए हुए चुनाव में वीर नरेंद्र सुराणा को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। चुनाव अधिकारी राजेश वैद की देखरेख में हुए चुनाव में सुराणा को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए पुनः अध्यक्ष चुना गया है। चुनाव अधिकारी ने इसके साथ ही कार्यकारिणी के लिए चुने गए 6 निदेशकों प्रवीण कुमार मित्तल, सुरेश गुप्ता, अजीत मल खजांची, कन्हैयालाल बोथरा, अमित डागा तथा सुरेंद्र जैन के निर्वाचन की घोषणा की। निदेशकों का निर्वाचन भी निर्विरोध संपन्न हुआ। गंगाशहर स्थित डागा गेस्ट हाउस में हुए कार्यक्रम में नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेंद्र सुराणा ने पिछले कार्यकाल में संस्था की ओर से करवाए गए सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए आशा व्यक्त की कि माननीय सदस्यों के सहयोग से नए कार्यकाल में और अधिक जनहित के कार्य करवाने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने पिछले कार्यकाल में सदस्यों के सहयोग के लिए आभार जताया तथा उम्मीद जाहिर की कि माननीय सदस्यों का मार्गदर्शन इसी तरह मिलता रहेगा। सुराणा ने अपने निर्वाचन के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में सचिव वीर संतोष बांठिया ने बीते सत्र में हुए सेवा कार्यों और गतिविधियों तथा बीकानेर केंद्र की उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए कार्य संचालन में सहयोग के लिए आभार जताया। केंद्र के वरिष्ठ सदस्यों सर्वश्री चम्पालाल डागा, डॉ धर्मचंद जैन, बच्छराज कोठारी, जयचंद लाल डागा, सुमति लाल बांठिया, डॉ जे.एस. मेहता, कन्हैयालाल बोथरा, धर्मचंद सेठिया, सुरेश गुप्ता, जयचंद लाल दफ्तरी आदि ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत करते हुए दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध निर्वाचन पर बधाई दी। साथ ही अध्यक्ष को नए कार्यकाल में भी हर तरह से सहयोग देने का विश्वास दिलाया। सचिव बांठिया ने निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सौहाद्रपूर्ण माहौल में संपन्न करवाने के लिए निर्वाचन अधिकारी राजेश वैद का आभार जताया।