
बीकानेर रेल मंडल पर 17 से 30 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है।
राजभाषा हिन्दी को राजकीय स्तर पर प्रतिष्ठित रूप से प्रचारित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 14 सितम्बर का दिन हिन्दी दिवस के रूप में मनाया जाता है। केंद्र सरकार ने इस दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर राजभाषा पखवाड़ा आयोजन का उद्घाटन दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है तथा गांधीनगर (गुजरात) में केंद्रीय गृह मंत्री (जो राजभाषा विभाग के केबिनट मंत्री भी हैं) श्री अमित शाह ने राष्ट्र के गणमान्य अतिथियों तथा हिन्दी व क्षेत्रीय भाषाओं के मूर्धन्य विद्वानों के साथ 2 दिवसीय अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन का उद्घाटन 14 सितम्बर 2025 को किया। भाषाई अस्मिता के साथ ही तकनीक बढ़ाने व जोड़ने की अपील करते हुए गृह मंत्रालय द्वारा कृत्रिम मेधा के प्रयोग युक्त विभिन्न भाषाई टूल्स यथा राजभाषा विभाग द्वारा निर्मित 7 लाख से अधिक शब्द संपदा वाले ‘हिंदी शब्द-सिन्धु’ शब्दकोष का भी लोकार्पण किया। राजभाषा विभाग द्वारा निर्मित बहुभाषी अनुवाद सॉफ्टवेयर ‘सारथी’ का लोकार्पण भी इस अवसर पर किया गया। साथ ही राजभाषा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों कार्यालयों व कार्मिकों को पुरस्कृत व सम्मानित कर दो दिवसीय (14 व 15 सितम्बर 2025) राजभाषा सम्मेलन के बाद हजारों की संख्या में भाग लेने वाले कार्यालयों के प्रतिनिधियों को अपने स्थानों पर जाकर राजभाषा पखवाड़ा विशाल स्तर पर मनाने की प्रेरणा भी दी। बीकानेर मंडल के राजभाषा अधिकारी श्री राजीव कुमार तथा वरिष्ठ अनुवादक सुभाष झाझरिया ने भी गांधीनगर (गुजरात) कार्यक्रम में प्रतिनिधि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी ।
बीकानेर मंडल के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सूरतगढ़, हिसार, भिवानी, सिरसा, सादुलपुर, चूरू , रतनगढ़ आदि स्टेशनों पर 14 सितम्बर हिन्दी दिवस के अवसर पर महाप्रबंधक उत्तर पश्चिम रेलवे का राजभाषा दिवस पर संदेश सामूहिक रूप से पढ़ कर सुनाया गया तथा कर्मचारियों को राजभाषा हिन्दी में कार्य करने की शपथ ग्रहण दिलायी गयी। स्टेशन परिसरों पर मुख्य स्थलों को राजभाषा के स्लोगन लिखे गये बैनर से सुसज्जित किया गया तथा स्टेशनों पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में भी 14 सितम्बर को अनेकों स्थानों पर राजभाषा कार्यक्रमों की सूचना व हिन्दी के ध्येय वाक्यों से सुसज्जित किया गया।
17 सितम्बर से 30 सितम्बर 2015 तक राजभाषा पखवाड़े के तहत प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रमों आयोजन किया जायेगा। विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण तथा प्रचार-प्रसार के लिए ट्रेनिंग कार्यक्रमों के पश्चात पखवाड़े के समापन पर विजेता कर्मचारियों को रेल प्रबंधक महोदय द्वारा प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों के साथ-साथ नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्य कार्यालयों से भी पखवाड़े के दौरान सतत संपर्क करते हुए विभिन्न कार्यालयों के कार्यक्रमों के साथ समन्वय तथा विस्तार भी किया जाएगा।