
बीकानेर। संभाग के सबसे बड़े पीबीएम हॉस्पिटल में मरीजों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। मंगलवार को मेडिसिन विभाग के एच वार्ड में भर्ती 65 वर्षीय अड़तालाराम के साथ ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात युवक खुद को डॉक्टर बताकर मरीज के पास पहुंचा और उसे सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में शिफ्ट कराने का लालच दिया। युवक ने कहा कि वहां बेड बेहतर हैं और इलाज भी बढ़िया होगा। भरोसा जीतने के बाद उसने ट्रांसफर कराने के नाम पर तीन हजार रुपये ऑनलाइन मंगवाए। रुपये मिलते ही ठग वार्ड से गायब हो गया। पीड़ित अड़तालाराम काफी देर तक उसका इंतज़ार करते रहे, फिर वार्ड में मौजूद समाजसेवी करण सिंह को घटना बताई। करण सिंह ने मरीज को पीबीएम अधीक्षक के पास पहुंचाया। अधीक्षक ने उस नंबर पर संपर्क किया, लेकिन कॉल उठाने वाला व्यक्ति फर्जी निकला। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पीबीएम में कोई डॉक्टर या स्टाफ इस तरह पैसे नहीं मांगता। पीड़ित ने तुरंत इस घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई है। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन दलाल और ठग अस्पताल में घुसकर मरीजों को बहकाते हैं, जिससे मरीज और उनके परिजन असुरक्षा महसूस कर रहे हैं।