मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव में मुख्यमंत्री ने 13 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र किए वितरित

Description of image

बीकानेर। मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का राज्य स्तरीय समारोह रविवार को मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ।

इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा 13 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। वहीं मुख्यमंत्री ने 31 हजार करोड रुपए के 76 हजार से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम का जिला स्तर पर सीधा प्रसारण रवींद्र रंगमंच पर किया गया। यहां चिकित्सा मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर मौजूद रहे। उन्होंने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं दी और लोक सेवक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण गंभीरता से करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में नवनियुक्त कर्मयोगियों से नियमित संवाद कर उनकी हौसला अफजाई की जा रही है। यह नवनियुक्त कार्मिकों के लिए प्रेरणादाई है।

जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने बताया कि इस दौरान वित्त विभाग के 206, गृह विभाग के 45, चिकित्सा विभाग के 52 तथा अन्य विभागों के 20 नवनियुक्त युवाओं (कर्मयोगियों) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

इससे पहले प्रभारी मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने दीप प्रज्वलित कर तथा स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर जिला स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत की। कोषाधिकारी धीरज जोशी ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का संचालन गोपाल जोशी ने किया।

कार्यक्रम में बीकानेर (पूर्व) विधानसभा क्षेत्र विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, श्रीडूंगरगढ़ विधायक श्री ताराचंद सारस्वत, पुलिस अधीक्षक श्री कावेंद्र सागर, डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, नगर निगम आयुक्त श्री मयंक मनीष, बीकानेर विकास प्राधिकरण सचिव अपर्णा गुप्ता, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सोहन लाल, अतिरिक्त कलेक्टर (प्रशासन) डॉ. दुलीचंद मीना, अतिरिक्त कलेक्टर (नगर) रमेश देव सहित जिला कोष कार्यालय के कार्मिक और नवनियुक्त कार्मिक मौजूद रहे।

*प्रियांशु सहित अन्य नवनियुक्त कार्मिकों को दिए नियुक्ति पत्र*

इस मौके पर प्रभारी मंत्री और अन्य अतिथियों ने नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मंत्री श्री गजेंद्र सिंह सहित अतिथियों ने सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के वरिष्ठ सहायक प्रियांशु आचार्य को कनिष्ठ लेखाकार के रूप में चयन होने पर नियुक्ति पत्र दिया।

*कोलायत विधायक श्री अंशुमान सिंह भाटी ने जताया आभार*

इस दौरान मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने कोलायत विधायक श्री अंशुमान सिंह भाटी से संवाद किया। श्री भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव में बीकानेर जिले के नव नियुक्त 323 युवाओं के जीवन को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कोलायत के चक मुलाजमान में 220 केवी जीएसएस के कार्यादेश के पश्चात कार्य शुभारम्भ के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जीएसएस क्षेत्र में नलकूप के माध्यम से पेयजल और कृषि जल आपूर्ति के साथ जिप्सम, सिलिका और सिरेमिक उद्योग के लिए लाभदायक रहेगा। लगभग 148 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह जीएसएस भड़ला में सौर ऊर्जा उत्पादन से जुड़ेगा। बीकमपुर और पांचू के 220 केवी जीएसएस से इसकी कनेक्टिविटी होगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक किसानों को ऊर्जा उपलब्ध करवाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहयोगी साबित होगा। उन्होंने अपने जीवन के पहले बजट में मुख्यमंत्री द्वारा कोलायत को 750 करोड़ रुपए की सौगातें देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि यह सभी घोषणाएं धरातल पर उतरेंगी तो नए कोलायत, नए बीकानेर और नए राजस्थान के निर्माण में सहयोगी साबित होंगी।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In बीकानेर
Comments are closed.

Check Also

दसवां बीकानेर थिएटर फेस्टिवल 24 से, देवेंद्र राज अंकुर को होगा समर्पित,प्रेस वार्ता हुई आयोजित, दी शेड्यूल की जानकारी

बीकानेर में दसवां बीकानेर थिएटर फेस्टिवल 24 फरवरी से 1 मार्च तक शहर के विभिन्न स्थानों पर …