
जयपुर। जयपुर में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुख्यमंत्री कार्यालय और जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। एयरपोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए इस मेल में दावा किया गया कि एक से दो घंटे के भीतर दोनों जगह धमाका किया जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर दोनों स्थानों पर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। सीएम ऑफिस और एयरपोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच की जा रही है। जयपुर पुलिस और एंटी बम स्क्वॉड अलर्ट मोड में हैं, और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। इस बीच, साइबर टीम मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है। गौरतलब है कि महज पांच दिन पहले माहेश्वरी गर्ल्स पब्लिक स्कूल (MGPS) को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय 3,500 से अधिक छात्रों को बाहर निकाला गया था, लेकिन जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।