
बीकानेर। शहर में संगठित अपराध एक बार फिर सिर उठाता नजर आ रहा है। युवा व्यवसायी पीयूष श्रृंगारी को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से दूसरी बार धमकी भरी व्हाट्सएप कॉल मिली है। इस कॉल में ₹5 करोड़ की फिरौती की मांग की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पीयूष श्रृंगारी के अनुसार, सोमवार सुबह उन्हें एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने कहा— “अब तेरे बुरे दिन शुरू हो गए हैं। कब तक बचता रहेगा? तेरा काम तो दस मिनट में कर देंगे।” साथ ही यह भी कहा गया कि पुलिस की शरण लेना उसकी सबसे बड़ी गलती थी।गौरतलब है कि 17 दिन पहले भी इसी तरह की धमकी पीयूष श्रृंगारी को मिली थी, जिसकी सूचना उन्होंने तत्काल पुलिस को दी थी। इसके बाद उन्हें पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई थी। अब दोबारा धमकी आने के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है और मामले की तह तक जाने के लिए जांच तेज कर दी गई है।