
बीकानेर, 15 सितंबर। प्रदेशभर में 17 सितंबर से ”ग्रामीण सेवा शिविर” का आयोजन होने जा रहा है। जिले में अभियान की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली।
*”शिविर में रिलीफ के सभी मामलों का निस्तारण करना करें सुनिश्चित-”*
जिला कलेक्टर ने कहा कि रिलीफ से संबंधित जितने भी मामले लंबित चल रहे हैं उन सभी का निस्तारण इन शिविरों में करना है। चाहे रिलीफ के पुराने मामले भी क्यों ना हो। राजस्व विभाग के अंतर्गत शुद्धिकरण और गैर खातेदारी से खातेदारी देने के कार्य भी जोड़े गए हैं। उन्होंने सभी एसडीएम को शिविर की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान ई-मित्र कियोस्क की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
*”सुबह 10 बजे तक सभी संबंधित विभागों की स्टॉल लग जाए”*
जिला कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन सुबह 9.30 बजे से शाम 06 बजे रखा गया है। अगर शाम 06 बजे तक कार्य पूर्ण नहीं होते हैं तो कार्यों के पूर्ण होने तक शिविर चलेगा। उन्होने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में सभी 16 विभागों की स्टॉल सुबह 10 बजे तक हर हाल में लग जाए। अगर स्टॉल नहीं लगी तो संबंधित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी इसके लिए जिम्मेदार होंगे। साथ ही कहा कि शिविर में संबंधित विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी को जाना सुनिश्चित करें।
*मनरेगा मजदूरों का श्रम कार्ड और टूल किट के लिए करवाएं रजिस्ट्रेशन*
जिला कलेक्टर ने कहा कि शिविरों में सभी विकास अधिकारी उन मनरेगा मजदूरों का श्रम कार्ड और टूल किट के लिए रजिस्ट्रेशन करवाना सुनिश्चित करें जिन्होने मनरेगा में 90 दिन पूरे कर लिए हैं। साथ ही कहा कि सूचना, प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के अधिकारी सभी ई-मित्रों को ई-श्रम कार्ड बनवाने हेतु निर्देशित करें। साथ ही गांव के लोगों को मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना से भी जोड़ें। शिविर के दिन ही ग्राम सभा का भी आय़ोजन कर लें ताकि उसी दिन म्यूटेशन भी कर सकें।
*पहले सप्ताह बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को आयोजित होंगे ग्रामीण सेवा शिविर*
जिला कलेक्टर ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविर के अंतर्गत प्रथम सप्ताह में शिविरों का आयोजन बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार (दिनांक 17,18,19 एवं 20 सितंबर 2025) को किया जाएगा। जिले की प्रत्येक तहसील की 02-02 ग्राम पंचायतों में शिविर का आयोजन होगा। दूसरे सप्ताह से ये शिविर प्रत्येक गुरुवार, शुक्रवार एवं शनिवार को सभी तहसीलों की दो-दो ग्राम पंचायतों में आयोजित होंगे। राजपत्रित अवकाश की स्थिति में शिविर अगले दिन आयोजित किया जाएगा। अभियान की अवधि तब तक होगी जब तक कि प्रत्येक पंचायत समिति की प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविर का आयोजन ना हो जाये।
*बुधवार को इन स्थानों पर लगेंगे ग्रामीण सेवा शिविर*
ग्रामीण सेवा शिविर के तहत बुधवार को बीकानेर के पेमासर व बम्बलू, लूणकरणसर के शेखसर व मानफरसर, श्री डूंगरगढ़ के बाना व कल्याणसर नया, कोलायत के रावनेरी व कोलायत, बज्जू के बीकमपुर व चारणवाला, खाजूवाला के सियासर चौगान व गुल्लूवाली, पूगल के 2 पीबी व पहलवान का बेरा, छतरगढ़ के महादेववाली व तख्तपुरा, नोखा के हियांदेसर व रोड़ा में तथा पांचू के पारवा व रासीसर पुरोहितान में शिविर आयोजित होंगे।
*ग्रामीण सेवा शिविर में इन 16 विभिन्न विभागों के होंगे कार्य*
जिला कलेक्टर ने बताया कि शिविरों में राजस्व, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, चिकित्सा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन, वन,श्रम, पशुपालन, कृषि, ऊर्जा, आयोजना, खाद्य, जनजातीय एवं क्षेत्रीय विकास एवं आपदा प्रबंधन एवं सहायता विभाग समेत कुल 16 विभागों से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से किया जाएगा।
शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं हेतु आवेदन एवं स्वीकृतियां, स्वास्थ्य शिविर, स्वामित्व योजना के तहत पट्टों हेतु आवेदन, स्वीकृतियां एवं वितरण, दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव के तहत गांव में बीपीएल परिवारों का सर्वे, बिजली तारों एवं खंभों इत्यादि में सुधार, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण आदि जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।
बैठक में एडीएम प्रशासन श्री रामावतार कुमावत, नगर निगम कमिश्नर श्री मयंक मनीष, बीडीए कमिश्नर श्रीमती अपर्णा गुप्ता,सीईओ जिला परिषद श्री सोहनलाल, एडीएम सिटी श्री रमेश देव, एसडीएम बीकानेर सुश्री महिमा कसाना समेत 16 विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंस से जिले के सभी एसडीएम, विकास अधिकारी, तहसीलदार, ईओ और संबंधित विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।