
बीकानेर, 30 अगस्त। शहर बीकानेर में लगातार हो रही चोरी एवं नकबजनी की वारदातों पर गंगाशहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 नकबजनी की वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी जगदीश कुमार लखेसर, राहुल नायक तथा चोरी किए गए सोने-चांदी का स्वरूप बदलने वाले संजय सोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से अब तक करीब 25 लाख रुपए कीमत का सोना-चांदी बरामद किया जा चुका है।
बंद मकानों की रेकी कर बनाते थे निशाना
घटना के अनुसार 29 जुलाई 2026 को परिवादिया रेनू गहलोत निवासी सुजानदेसर ने गंगाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह अपना मकान बंद कर शहर से बाहर गई हुई थी। पीछे से अज्ञात चोरों ने रात के समय मकान का ताला कटर से काटकर अंदर प्रवेश किया तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
लगातार हो रही नकबजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की।
तकनीकी विश्लेषण व सूचना तंत्र से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए सूचना संकलन, तकनीकी विश्लेषण एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। जांच के दौरान जगदीश कुमार लखेसर, राहुल नायक तथा चोरी के सोने-चांदी का स्वरूप बदलने वाले संजय सोनी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान जगदीश लखेसर एवं राहुल नायक ने अपने साथी अनिल कुमार ब्राह्मण के साथ मिलकर बीकानेर शहर में करीब 11 नकबजनी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। मामले में अनुसंधान जारी है।
इस तरह देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार आरोपी दिन के समय शहर में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में चिन्हित मकान में प्रवेश कर इलेक्ट्रॉनिक कटर मशीन से ताले, दरवाजे एवं अलमारियां काटकर सोना-चांदी और नकदी चोरी कर लेते थे।
चोरी किए गए सोने-चांदी की पहचान छिपाने के लिए उसे सुनार के माध्यम से गलवाकर उसका स्वरूप बदल दिया जाता था, जिससे पुलिस की पकड़ से बचा जा सके।
गठित पुलिस टीम
कार्रवाई में थानाधिकारी गणेश कुमार बिश्नोई, अनुसंधान अधिकारी हेतराम छींपा (उप निरीक्षक), एएसआई अशोक सांदू, एएसआई शिवकुमार, हेड कांस्टेबल रामनिवास, संजय कुमार, हेड कांस्टेबल हेतराम, कांस्टेबल रमेश कुमार, सीताराम रघुवीरदान एवं मुखराम सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
जगदीश कुमार लखेसर पुत्र कानाराम लखेसर, जाति कुम्हार, उम्र 29 वर्ष, निवासी पाबूजी मंदिर के पास भीनासर, थाना गंगाशहर, बीकानेर।
संजय सोनी पुत्र गौरीशंकर सोनी, उम्र 40 वर्ष, निवासी चौपड़ा स्कूल के पास, जीएस ज्वैलर्स, नई लाइन, गंगाशहर, बीकानेर।
राहुल नायक पुत्र पुनमचंद, जाति नायक, उम्र 27 वर्ष, निवासी भीनासर, थाना गंगाशहर, जिला बीकानेर।
पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ एवं बरामदगी की कार्रवाई जारी है। अन्य वारदातों तथा आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में भी अनुसंधान किया जा रहा है।