बीकानेर, 15 अक्टूबर 2026। राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर की 32वीं अकादमिक परिषद् एवं 38वीं प्रबंध मंडल की बैठक बुधवार को कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास की अध्यक्षता में कुलगुरु सचिवालय में आयोजित की गई। दोनों बैठकों में विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणामों के अनुमोदन के साथ आगामी नवम् दीक्षांत समारोह में प्रदान की जाने वाली उपाधियों एवं पदकों को मंजूरी दी गई।
बैठक में स्नातक, स्नातकोत्तर, विद्यावाचस्पति एवं पशुपालन डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणामों का अनुमोदन किया गया। इसके साथ ही नवम् दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को प्रदान की जाने वाली 623 उपाधियों तथा कुल 42 पदकों को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक और 36 स्वर्ण पदक शामिल हैं।
दीक्षांत समारोह की तैयारियों पर हुई चर्चा
बैठक में शुक्रवार को आयोजित होने वाले विश्वविद्यालय के नवम् दीक्षांत समारोह की तैयारियों एवं कार्यक्रम की रूपरेखा से सदस्यों को अवगत करवाया गया। कुलसचिव पंकज शर्मा ने बैठक के एजेंडे प्रस्तुत किए। साथ ही पिछली अकादमिक परिषद् एवं प्रबंध मंडल की बैठकों में लिए गए विभिन्न निर्णयों और मुद्दों का भी अनुमोदन किया गया।
प्रबंध मंडल की बैठक में ये सदस्य रहे उपस्थित
प्रबंध मंडल की बैठक में डॉ. गोविन्द सहाय शुक्ला, जगमाल सिंह राईका, करण सिंह राजपुरोहित, मधु कुमावत, डॉ. इन्द्रजीत सिंह, प्रो. बी.एन. श्रृंगी, प्रो. राजेश कुमार धूड़िया एवं डॉ. गोविन्द सहाय गौतम उपस्थित रहे। डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
अकादमिक परिषद् के सदस्यों ने भी लिया भाग
अकादमिक परिषद् की बैठक में डॉ. कुलदीप चौधरी, डॉ. बिरमाराम, डॉ. मोहम्मद इशाक खान, रिषभ गौदारा, प्रो. बी.एन. श्रृंगी, प्रो. राजेश कुमार धूड़िया, प्रो. प्रवीण बिश्नोई, प्रो. शिव कुमार शर्मा, प्रो. मनीषा माथुर, डॉ. पंकज कुमार थानवी, डॉ. सुनीता पारीक, डॉ. देवी सिंह एवं डॉ. नरेन्द्र सिंह राठौड़ सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में लिए गए निर्णय विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहे।
