बीकानेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी शिवेन्द्र मोहन ने गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, बीकानेर के सभागार में रेल अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में रेलवे की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, ईमानदारी एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने, अनियमितताओं की रोकथाम तथा सतर्कता गतिविधियों को प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान आगामी सतर्कता जागरूकता सप्ताह की तैयारियों एवं कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
मुख्य सतर्कता अधिकारी शिवेन्द्र मोहन ने अधिकारियों को केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने तथा सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सतर्कता को केवल औपचारिक गतिविधि तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे कार्य-संस्कृति का अभिन्न अंग बनाया जाए। प्रत्येक निर्णय नियमानुसार, प्रत्येक प्रक्रिया पारदर्शी तथा प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।
उन्होंने निवारक सतर्कता पर जोर देते हुए कहा कि अनियमितताओं की संभावनाओं को प्रारंभिक स्तर पर ही समाप्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। लंबित शिकायतों एवं मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने, निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने तथा डिजिटल माध्यमों के अधिकाधिक उपयोग से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने विभागों में सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा ईमानदारी, निष्पक्षता एवं जवाबदेही के उच्च मानकों को सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
डीआरएम ने सत्यनिष्ठा एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के लिए किया प्रेरित
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रेलवे की कार्यप्रणाली में ईमानदारी एवं पारदर्शिता बनाए रखना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप कार्यों का निष्पादन करने तथा अनियमितताओं की रोकथाम के लिए सतर्क रहने पर बल दिया। साथ ही कहा कि सतर्कता को दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाकर संगठन में विश्वास, कार्यकुशलता एवं जवाबदेही को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकता है।
26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मनाया जाएगा सतर्कता जागरूकता सप्ताह
बैठक में जानकारी दी गई कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम के अंतर्गत किया जाएगा। इस दौरान सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शपथ ग्रहण समारोह, जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
बैठक में इन कार्यक्रमों की तैयारियों तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
