बीकानेर के मुख्य बाजारों में अतिक्रमण पर सख्ती, दुकानदारों को दी चेतावनी

बीकानेर, 15 अक्टूबर 2026।,शहर के मुख्य बाजारों में आमजन की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए यातायात पुलिस, नगर निगम सतर्कता दल और व्यापार मंडल ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों के आगे सड़क एवं फुटपाथ पर रखे सामान को हटाने तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों को निर्धारित स्थानों पर खड़ा करने के संबंध में दुकानदारों और वाहन चालकों को समझाइश दी गई।

 

पुलिस थाना कोटगेट में आयोजित बैठक में थाना अधिकारी विक्रम तिवाड़ी, यातायात शाखा प्रभारी कानाराम तथा नगर निगम सतर्कता दल प्रभारी प्रदीप सिंह चारण ने व्यापार मंडल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा की।

 

बैठक में रेलवे स्टेशन रोड, लालजी होटल रोड, सट्टा गली, कस्टम पॉइंट, कोटगेट दरवाजा, दाऊजी रोड, केईएम रोड, भैरूजी गली, फड़ बाजार, खजांची मार्केट और बोथरा कॉम्प्लेक्स रोड सहित प्रमुख बाजारों में यातायात संबंधी समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। दुकानों के आगे सामान रखने, फुटपाथ पर बैठकर सामान बेचने तथा नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने से होने वाली परेशानियों पर भी चर्चा हुई।

 

दुकानों के आगे सामान रखने पर होगी कार्रवाई

 

बैठक के बाद यातायात शाखा प्रभारी कानाराम एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रमुख बाजारों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को दुकानों के आगे सड़क और फुटपाथ पर सामान नहीं रखने की हिदायत दी गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सामान जब्त किया जा सकता है।

 

रेलवे स्टेशन रोड, कोटगेट दरवाजा और फड़ बाजार पॉइंट पर टैक्सियों के खड़े होने से उत्पन्न यातायात बाधा को दूर करने के लिए टैक्सी चालकों को निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करने की समझाइश दी गई। नियमों की अवहेलना करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

 

त्योहारों से पहले यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर

 

आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा और दीपावली पर्व को देखते हुए बाजारों में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के लिए दुकानदारों से दुकानों के आगे सामान नहीं रखने, फुटपाथ पर सामान बेचकर रास्ता अवरुद्ध नहीं करने तथा दुपहिया वाहनों को नो-पार्किंग जोन में खड़ा नहीं करने की अपील की गई।

 

पुलिस थाना कोटगेट, यातायात शाखा और नगर निगम बीकानेर की सतर्कता टीम संयुक्त रूप से अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करेगी।

 

आमजन और व्यापारियों से सहयोग की अपील

 

यातायात पुलिस ने आमजन एवं व्यापारियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, शहर की मुख्य सड़कों, बस स्टैंड और बाजारों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए संबंधित विभागों की ओर से संयुक्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सामान जब्त किया जा सकता है।

 

पुलिस ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बाजारों में आवागमन को सुगम बनाना और आमजन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

एसपी मेडिकल कॉलेज की बहुविषयक अनुसंधान इकाई की कमान अब प्रो. डॉ. इन्द्र पुरी के हाथों में

  बीकानेर। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के न्यूरोलॉजी विभाग के प्रोफेसर (डॉ.) इन्…