
बीकानेर, 08 जून। जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना नेशनल हाईवे-911 पर स्थित प्रेम होटल के पास लगे मोबाइल टावर की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 सीएचडी निवासी रमेश किसी पारिवारिक एवं प्रेम प्रसंग से जुड़े मामले को लेकर टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि युवक अपनी प्रेमिका को गांव वापस बुलाकर उससे विवाह करवाने की मांग कर रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही छत्तरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। थानाधिकारी नवनीत सिंह के अनुसार पुलिस द्वारा युवक से लगातार संवाद कर समझाइश की जा रही है,
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं।