
बीकानेर, 28 अगस्त। सीमा जन कल्याण समिति द्वारा देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात वीर सीमा प्रहरियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। समिति के कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्ति की टोलियों ने राजस्थान सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर पहुंचकर जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा।
बीकानेर जिले की विभिन्न सीमा चौकियों पर भी समिति के कार्यकर्ताओं ने बीएसएफ के जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाया। बीकानेर स्थित मुख्यालय में भी समिति के जिला एवं महानगर स्तर के कार्यकर्ताओं ने बीएसएफ अधिकारियों एवं जवानों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
समिति के राजस्थान प्रदेश संपर्क प्रमुख सुरेन्द्र राठी, बीकानेर जिला मंत्री संग्राम सिंह राठौड़ (चलकुई), गणेश जी, कार्यकर्ता संगीता जी सहित अन्य कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।
समिति ने कहा कि विषम परिस्थितियों में अपने परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की सुरक्षा में समर्पित सीमा प्रहरियों का मनोबल बढ़ाना और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना समाज का दायित्व है। रक्षा सूत्र का यह पवित्र बंधन सीमा प्रहरी और समाज के बीच आत्मीयता, विश्वास एवं राष्ट्रभाव का प्रतीक है।