बीकानेर। कोटगेट थाना पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जूनागढ़ की दीवार के पास हेड पोस्ट ऑफिस के सामने 5 नवंबर 2026 की रात हुई हत्या के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय इब्राहिम को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी नयाशहर थाना क्षेत्र में नई मस्जिद के पास से की गई।
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर की रात हुई हत्या के संबंध में कोटगेट थाने में प्रकरण संख्या 256 दिनांक 6 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1), 126(2), 190, 191(2) एवं 191(3) के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज बीकानेर, पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ तथा वृत्ताधिकारी नगर अनुज डाल के सुपरविजन में कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने तकनीकी सहायता एवं मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी इब्राहिम पुत्र अकबर अली, उम्र 22 वर्ष, निवासी डूडी सिपाहियान, नई मस्जिद के पास, बीकानेर को गिरफ्तार कर लिया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में कोटगेट थाना पुलिस की गठित टीम के उपनिरीक्षक गौरव बोहरा, हेड कांस्टेबल अमृतलाल (नंबर 124), कांस्टेबल संजय (नंबर 492) एवं कांस्टेबल सुंदरलाल (नंबर 1203) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
