रेलकर्मियों के हक की हुंकार: 30 लाख का सामूहिक बीमा, 8 घंटे की ड्यूटी और पुरानी पेंशन की मांग पर कर्मचारी संघ ने भरी आवाज

 

बीकानेर। उत्तर पश्चिम रेलवे कर्मचारी संघ, बीकानेर मंडल का वार्षिक अधिवेशन रविवार, 1 नवंबर 2026 को श्री महाराजा नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम में उत्साह एवं संगठनात्मक एकजुटता के साथ संपन्न हुआ। अधिवेशन में रेल कर्मचारियों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं, लंबित मांगों एवं सेवा संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कर्मचारियों के हितों की रक्षा और मांगों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए आगामी रणनीति तैयार की गई।

 

अधिवेशन में रेलकर्मियों के हितों से जुड़े चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें सामूहिक बीमा राशि बढ़ाकर 30 लाख रुपये करने, सभी विभागों में अनिवार्य रोस्टर व्यवस्था लागू करने तथा अधिकतम 8 घंटे की ड्यूटी सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रही। इसके अलावा सभी अराजपत्रित रेलकर्मियों को नियुक्ति के प्रथम दिन से ही माता-पिता को आश्रित के रूप में शामिल कर तीन सेट सुविधा पास देने, राजधानी, शताब्दी, दुरंतो एवं वंदे भारत जैसी ट्रेनों में रेलवे पास पर सीट और बर्थ का कोटा बढ़ाने तथा सभी रेलकर्मियों को प्रीमियम ट्रेनों में सुविधा पास से यात्रा की सुविधा देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

 

अधिवेशन में पुरानी पेंशन योजना सभी कर्मचारियों पर लागू करने, आउटसोर्सिंग पर रोक लगाने, पीएलबी बोनस का भुगतान न्यूनतम 18 हजार रुपये मूल वेतन के आधार पर करने, सभी संवर्गों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा पदों के सरेंडर पर रोक लगाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।

 

कार्यक्रम में सरकारी कर्मचारी राष्ट्रीय परिसंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष एवं भारतीय रेलवे मजदूर संघ के कार्यकारी अध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी, भारतीय मजदूर संघ बीकानेर जिला के जिला मंत्री नवीन स्वामी तथा उत्तर पश्चिम रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री मुकेश कुमार शर्मा सहित बीकानेर मंडल के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं रेलकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कर्मचारी संघ के जोनल कोषाध्यक्ष विनय कुमार झा ने किया।

 

रंजन गुप्ता को मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी

 

अधिवेशन के उत्तरार्द्ध में पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी का चुनाव कराया गया। इसमें मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक रंजन गुप्ता को मंडल अध्यक्ष, आनंद कुमार को कार्यकारी अध्यक्ष, मुख्य विधि सलाहकार विजय कुमार को मंडल मंत्री, हितेष ऐरी को संगठन मंत्री तथा प्रवीण कुमार को मंडल कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।

 

नई कार्यकारिणी में आसाराम राजपुरोहित, अविनाश कुमार, राम विनय कुमार, योगेश कुमार, विजय कुमार, सुनील शादी, द्वारका प्रसाद छींपा, सुभाष चंद्र, विनोद गुर्जर, प्रभाकर सिंह एवं संतोष कुमार को भी शामिल किया गया।

 

अंत में नवनिर्वाचित मंडल मंत्री ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाया कि उत्तर पश्चिम रेलवे कर्मचारी संघ रेलकर्मियों की जायज मांगों को मजबूती से उठाने, उनके अधिकारों की रक्षा करने तथा रेल एवं कर्मचारी हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर संगठनात्मक एकजुटता के साथ संघर्ष करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।

 

भारत माता की जय!

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

मिशन लाइफ के तहत ज़िले में ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक का शुभारंभ

  बीकानेर, 01 नवंबर। पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के निर्देशानुसार रविवार को रा…