बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के मल्टीपरपज वातानुकूलित इनडोर स्टेडियम में अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन पुरुष प्रतियोगिता का भव्य आगाज हुआ। प्रतियोगिता में चार जिलों के संबद्धता प्राप्त 26 महाविद्यालयों के करीब 80 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के दौरान खेले गए रोमांचक मुकाबलों में महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय परिसर की टीम ने डूंगर महाविद्यालय को कड़े संघर्ष में पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, एसडी महाविद्यालय श्रीगंगानगर की टीम ने एसएनडीबी महाविद्यालय, नोहर को शिकस्त देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। अब दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला कल खेला जाएगा।
उल्लेखनीय है कि महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय लगातार तीसरे वर्ष अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। इस वर्ष विश्वविद्यालय परिसर की टीम ने भी शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया है। प्रतियोगिता के साथ-साथ व्यक्तिगत मुकाबले भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन मुकाबलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और मेरिट के आधार पर विश्वविद्यालय की टीम का चयन किया जाएगा।
प्रतियोगिता में उत्कर्ष किराडू ऑब्जर्वर, गणेश पुरोहित विश्वविद्यालय नॉमिनी तथा हेमंत मोदी खेल पर्यवेक्षक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे खिलाड़ियों ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थित इनडोर स्टेडियम की सुविधाओं, व्यवस्थाओं और खेल वातावरण की सराहना करते हुए इसे विश्वस्तरीय बताया। खिलाड़ियों ने कहा कि इस तरह की आधुनिक खेल सुविधाएं प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई, कुलसचिव यशपाल आहूजा एवं वित्त नियंत्रक देवेंद्र सिंह राठौड़ ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।
विश्वविद्यालय के खेल सचिव डॉ. यशवंत गहलोत ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन कर विश्वविद्यालय की टीम को मजबूत बनाना है।
