‘इनोवेटिव साइंस एक्सपो-2026’ के दूसरे दिन अतिथियों , स्कूली विद्यार्थियों ने किया वैज्ञानिक मॉडलों का अवलोकन

 

बीकानेर, 3 नवंबर। बेसिक पी.जी. महाविद्यालय, बीकानेर में आयोजित दो दिवसीय ‘इनोवेटिव साइंस एक्सपो-2026’ का मंगलवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। एक्सपो के दूसरे दिन अतिथियों सहित विभिन्न राजकीय एवं निजी विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी में लगाए गए वैज्ञानिक मॉडलों, प्रयोगों और नवाचारी परियोजनाओं का अवलोकन किया। विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तकनीकी नवाचारों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

 

आयोजन के दूसरे दिन महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय की इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. मेघना शर्मा ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल अध्ययन का विषय नहीं है, बल्कि जीवन की समस्याओं के समाधान, समाज के विकास और बेहतर भविष्य के निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।

 

इस दौरान श्री गिरिराज खैरीवाल, श्री रामजी व्यास एवं महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों की कार्यप्रणाली, वैज्ञानिक अवधारणाओं और उनकी व्यावहारिक उपयोगिता के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने भी पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने प्रोजेक्ट्स की विशेषताओं और उनके पीछे की वैज्ञानिक सोच को प्रस्तुत किया।

 

एक्सपो में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने भी विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने विज्ञान के विभिन्न प्रयोगों और मॉडलों को नजदीक से समझा। प्रदर्शनी ने स्कूली विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर विज्ञान की व्यावहारिक उपयोगिता को जानने और नई संभावनाओं के प्रति जिज्ञासु बनने का अवसर प्रदान किया।

 

महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित ने बताया कि एक्सपो का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक किताबी शिक्षा से आगे बढ़ाकर प्रयोग, अनुसंधान और नवाचार से जोड़ना था। विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता एवं मौलिक विचारों को वैज्ञानिक मॉडलों के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

 

महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री रामजी व्यास ने कहा कि वर्तमान दौर में शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन और रचनात्मक क्षमता विकसित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत और नवाचारी सोच की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित करते हैं।

 

दो दिवसीय इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ विज्ञान को समझने, नए विचारों को विकसित करने और उन्हें व्यावहारिक रूप देने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। आयोजन के सफल समापन पर महाविद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

दीपावली से पहले महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के सभी परीक्षा परिणाम होंगे जारी, अधिकांश परिणाम घोषित

  बीकानेर,महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा एवं…