बीकानेर, 5 नवम्बर। मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में गुरुवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन ने पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्धारित कार्यक्रम के तहत निर्वाचक नामावलियों का एकीकृत प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर को किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाई जा सकेंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा तथा अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 4 जनवरी को होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियुक्त बीएलए की सूची नाम एवं मोबाइल नंबर सहित संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध करवाई जाए।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस बार बीएलए द्वारा निर्वाचकों से भरे हुए अधिकतम दस-दस फॉर्म (फॉर्म-6,7 अथवा 8) प्रतिदिन बीएलओ को जमा करवाए जाएंगे। संपूर्ण दावा-आपत्ति अवधि के दौरान 30 से अधिक फॉर्म जमा करवाए जाने की स्थिति में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा स्वयं इनका क्रॉस वेरिफिकेशन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बीएलए को फॉर्म की सूची के साथ यह घोषणा पत्र भी देना होगा कि उनके द्वारा फॉर्म में दर्ज विवरण का व्यक्तिगत रूप से सत्यापन कर लिया गया है। वहीं, बीएलओ द्वारा प्रत्येक फॉर्म का संबंधित मतदाता के घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावलियों के प्रारूप प्रकाशन के तुरंत बाद प्रत्येक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल को प्रत्येक मतदान केंद्र की निर्वाचक नामावली की प्रति उपलब्ध करवाई जाएगी।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेद सिंह रतनू, भारतीय जनता पार्टी के देहात अध्यक्ष श्री श्याम पंचारिया, श्री चतुर्भुज, कांग्रेस के श्री प्रहलाद सिंह मार्शल, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के मुकेश जाखड़, प्रशिक्षु आईएएस श्री मनु गर्ग, ईवीएम के नोडल अधिकारी श्री भवानी प्रकाश सहित सभी रिटर्निंग अधिकारी, निर्वाचन शाखा के श्री शिव कुमार पुरोहित आदि मौजूद रहे।
