बीकानेर। रेल यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षित रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बीकानेर मंडल में संरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के मार्गदर्शन में मुख्य लोको निरीक्षकों (CLIs) की मंडल स्तरीय संरक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षित रेल संचालन को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा करते हुए अधिकारियों एवं मुख्य लोको निरीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में आगामी कोहरे के मौसम को देखते हुए रेल संचालन में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया। लोको पायलट एवं अन्य रनिंग कर्मचारियों को निर्धारित नियमों, सावधानियों और गति संबंधी निर्देशों का पूरी तरह पालन करने तथा उनकी नियमित काउंसलिंग करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही SPAD (सिग्नल पास्ड एट डेंजर) की घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा नियमों की कड़ाई से पालना और कर्मचारियों को लगातार जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।
ट्रेन संचालन के दौरान रनिंग कर्मचारियों की नियमित इन-रूट BA (ब्रेथ एनालाइजर) टेस्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं यार्ड में मुख्य लोको निरीक्षकों द्वारा GDR (खड़े रेक को चलाने से पूर्व जांच) तथा नियमित रूप से Ambush Check यानी औचक निरीक्षण करने पर जोर दिया गया। इन व्यवस्थाओं के माध्यम से रेल कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और संरक्षा नियमों की पालना की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने की बात कही गई।
बैठक में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने का भी निर्णयात्मक संदेश दिया गया, ताकि कर्मचारियों में बेहतर कार्य करने और सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने की भावना विकसित हो सके।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने संरक्षित रेल संचालन के लिए सभी मुख्य लोको निरीक्षकों से अपेक्षा की कि वे अपने अधीनस्थ रनिंग कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना मजबूत करें। बैठक में इस बात पर विशेष जोर रहा कि रेल संचालन में छोटी सी लापरवाही भी गंभीर परिणाम ला सकती है, इसलिए प्रत्येक स्तर पर सतर्कता और नियमों का पालन अनिवार्य है।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेन्द्र सिंह चौधरी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/टीआरओ महाराज सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश, सहायक मंडल यांत्रिक इंजीनियर सहित मंडल की सभी लॉबी के मुख्य लोको निरीक्षक एवं अनेक रेलकर्मी उपस्थित रहे।
