जयपुर, 25 नवंबर। राष्ट्र के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को सम्मान देने के उद्देश्य से सप्त शक्ति कमान की ओर से ‘ऑनर रन जयपुर 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 13 दिसंबर को जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल में होने वाले इस भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर बुधवार को सप्त शक्ति सभागार में कर्टेन रेज़र समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, शारीरिक स्वस्थता और नागरिक-सैन्य संबंधों को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
समारोह में सप्त शक्ति कमान के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल पी. एस. शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आयोजन के चार एंबेसडर, वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, नागरिक प्रशासन के प्रतिनिधि, सेवारत सैनिक, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। समारोह में करीब 600 लोगों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन के साथ हुई। इसके बाद विशेष ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति के माध्यम से ‘ऑनर रन जयपुर 2026’ की परिकल्पना, उद्देश्य और महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। आयोजन के एंबेसडरों के वीडियो संदेशों एवं विशेष संबोधनों ने भी इस पहल के प्रति लोगों में उत्साह का संचार किया।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल पी. एस. शेखावत ने राष्ट्र के वीर सैनिकों के शौर्य, समर्पण और बलिदान को याद करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को देश के रक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने आमजन, युवाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
समारोह का विशेष आकर्षण ‘ऑनर रन जयपुर 2026’ की आधिकारिक टी-शर्ट, पदक एवं स्मृति सामग्री का अनावरण रहा। ये प्रतीक देश के प्रति समर्पण, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और सामूहिक सहभागिता की भावना को प्रदर्शित करते हैं। सैन्य एवं नागरिक क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, एंबेसडरों और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
देशभक्ति के साथ स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
‘ऑनर रन जयपुर 2026’ महज एक दौड़ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देश के वीर योद्धाओं और पूर्व सैनिकों के सम्मान में आयोजित एक विशेष राष्ट्रीय पहल है। इसके माध्यम से सेवारत सैन्यकर्मियों, पूर्व सैनिकों, युवाओं, परिवारों और आम नागरिकों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा।
13 दिसंबर को अल्बर्ट हॉल में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ही देशभक्ति, एकजुटता और राष्ट्र गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
