बीकानेर, 25 नवम्बर। राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के पशुधन चारा संसाधन प्रबंधन एवं तकनीक केन्द्र द्वारा बुधवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास की अध्यक्षता में आयोजित इस एक दिवसीय कार्यशाला में जलवायु परिवर्तन के अनुरूप पशुधन स्वास्थ्य, खाद्य एवं चारा सुरक्षा इत्यादि विषयों पर चर्चा की गई। कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने बताया की जलवायु परिवर्तन व वर्षा की कमी के कारण पशुधन के लिए खाद्य एवं चारे की कमी की स्थिति से निपटने के लिए तकनीकी एवं व्यावहारिक उपचार वर्तमान समय की नितांत आवश्यकता है, जिसके लिए सभी सम्बंधित विभागों के समुचित प्रयासो से पशुधन के लिए वर्ष भर चारे की समुचित व्यवस्था की जा सकती है, जिससे पशुपालकों को चारे की कमी से होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाया जा सकता हैं। उद्धाटन सत्र को संबोधित करते हुए निदेशक अनुसंधान, प्रो. राजेश कुमार धुड़िया ने बताया की इस कार्यशाला में बदलती जलवायु एवं अनियमित वर्षा द्वारा खाद्य एवं चारा संकट से निपटने एवं बेहतर पशुधन स्वास्थ्य के लिए कृषि एवं पशुपालन से संबधित विषय विशेषज्ञों की यह कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें विषय विशेषज्ञों द्वारा विचार व्यक्त किए गए। कार्यशाला में मौसम परिवर्तन के दौरान किए जाने वाले उपायों पर सुझाव दिये एवं पशु स्वास्थ्य उत्पादन एवं प्रजनन पर अनुसंधान करने पर केन्द्रित करने की बात कही। कार्यशाला में बताया की अलनीनो प्रभाव से बीज उत्पादन में कमी आई हैं, जो कि चिंता का विषय है। इस दौरान भौतिक सत्यापन के आधार पर चारा उत्पादन को प्रभावी करने पर जोर दिया एवं जनसहभागिता से संरक्षित चारागाहों में सेवण संरक्षण हेतु कहा। कार्यशाला में माइक्रो इरिगेशन की तकनीक को विस्तारित करने की बात की एवं जल के उचित प्रबंधन को वर्तमान समय की प्रमुख चिंता के रूप में बताया। कार्यशाला में वैज्ञानिकों ने अनुदानित गौशालाओं में बीज एवं चारा प्रबंधन पर अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम के दौरान निदेशक, राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र, बीकानेर डॉ. अनिल कुमार पूनिया, प्रबंध निदेशक, उरमूल बाबूलाल बिश्नोई, प्रधान, राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केन्द्र, डॉ. आर.ए. लेघा, प्रमुख वैज्ञानिक, काजरी, बीकानेर डॉ. वी.एस. राठौड, संयुक्त निदेशक, पशुपालन विभाग, बीकानेर डॉ. बिरमाराम, सहायक निदेशक, हॉर्टीकल्चर विभाग, डॉ. मुकेश गहलोत, उप-निदेशक, पशुपालन विभाग, बीकानेर डॉ. गोविन्दराम, प्लांट प्रबंधक, उरमूल ओ.पी. भाम्भू, अतिरिक्त निदेशक अनुसंधान, डॉ. एन.एस. राठौड़ एवं डॉ. गायत्री कुमावत उपस्थित रहे। मंच का संचालन मुख्य अन्वेषक, एल.एफ.एम.आर.टी.सी., डॉ. दिनेश जैन द्वारा किया गया।
