बीकानेर, 25 नवंबर। केंद्रीय कानून मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि सरपंच, पंचायती राज संस्थाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सभी नवनिर्वाचित सरपंच अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझें। गांव के विकास की योजनाएं बनाएं तथा बिना किसी भेदभाव के उन्हें धरातल पर लागू करने का प्रयास करें।
केंद्रीय मंत्री बुधवार को राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मैदान में संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित नवनिर्वाचित सरपंच सम्मान एवं संविधान दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारतीय इतिहास में 26 नवंबर का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। वर्ष 1949 में इसी दिन संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान सभा में बीकानेर के जसवंत सिंह भी सदस्य थे। यह संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ।
श्री मेघवाल ने कहा कि वर्ष 2015 से पहले 26 नवंबर को कानून दिवस के रूप में मनाया जाता था। बाद में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के माध्यम से अधिसूचना जारी करवाकर इस दिन को संविधान दिवस के रूप में मान्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का जन्मदिन और महापरिनिर्वाण दिवस जिस तरह महत्वपूर्ण हैं, उसी तरह संविधान दिवस भी विशेष महत्व रखता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय संविधान और बाबा साहेब को सम्मान देने का कार्य किया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भारत ऐसे युग में प्रवेश कर चुका है, जहां सामाजिक और आर्थिक असमानताओं को दूर करने के प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यभार संभाला, तब देश के 18 हजार गांवों में बिजली नहीं थी। प्रधानमंत्री ने 1000 दिनों का लक्ष्य निर्धारित करते हुए इन गांवों तक बिजली पहुंचाने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि विश्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, आज देश के 50 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांवों का विकास तेजी से हो रहा है तथा पहले की तुलना में चार गुना अधिक राशि गांवों तक पहुंच रही है।
श्री मेघवाल ने कहा कि संविधान दिवस, बाबा साहेब को याद करने और संविधान के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का दिन है। संविधान दिवस आयोजन समिति द्वारा वर्ष 2015 से प्रतिवर्ष यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में इस बार नवनिर्वाचित सरपंचों का सम्मान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सरपंचों को संविधान की प्रति, डायरी, पेन सहित उनके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देने वाली पुस्तक तथा विभिन्न योजनाओं की पुस्तक प्रदान की जा रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि जो सरपंच इस कार्यक्रम में नहीं आ पाए, उन्हें आगामी 26 जनवरी तक यह सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी।
कार्यक्रम संयोजक श्री रवि शेखर मेघवाल ने कहा कि बाबा साहेब द्वारा दिया गया लिखित संविधान देश की शासन व्यवस्था का आधार और मजबूती है। यह पूरे देश को एक सूत्र में बांधता है। उन्होंने अब तक आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य आमजन में संविधान के प्रति कृतज्ञता का भाव पैदा करना है।
इस दौरान श्री गुमान सिंह राजपुरोहित, श्री मोहन सुराणा, श्री महावीर रोड़ा, श्री कोडाराम भादू सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री विक्रम सिंह राजपुरोहित ने किया।
