
बीकानेर। भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) की बीकानेर शाखा की प्रबंध समिति की बैठक आज आयोजित की गई, जिसमें वर्ष 2026–27 के लिए शाखा के पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया।
निर्वाचन में सीए मुकेश शर्मा को अध्यक्ष, सीए अभय शर्मा को उपाध्यक्ष, सीए राजेश भूरा को सचिव, सीए मोहित बैद को कोषाध्यक्ष, सीए हेतराम पुणिया को कार्यकारी सदस्य तथा सीए सुमित नौलखा को शिक्षा अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
अध्यक्ष पद ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सीए मुकेश शर्मा ने कहा कि उनके कार्यकाल में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं विद्यार्थियों के कौशल विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बीकानेर में पोस्ट क्वालिफिकेशन कोर्सेज़, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं इन्फॉर्मेशन सिस्टम ऑडिट (ISA) जैसे व्यावहारिक कोर्सेज़ को पुनः प्रारंभ करने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम, आम जनता के लिए निःशुल्क टैक्स एवं निवेश परामर्श शिविर, कैपिटल मार्केट जागरूकता कार्यक्रम तथा शाखा भवन के इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास विशेषकर रीडिंग रूम एवं लाइब्रेरी सुविधाओं के विस्तार उनके प्रमुख कार्यक्षेत्र रहेंगे।
सीए मुकेश शर्मा ने सभी सदस्यों से सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही बीकानेर ब्रांच को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर सीए अंकुश चोपड़ा ने कहा कि स्कूलों में सीए पाठ्यक्रम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार को वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के लिए एक वर्ष की सीए प्रैक्टिस अनिवार्य करनी चाहिए, जिससे ऐसे विद्यार्थी कम से कम 20 से 30 हजार रुपये तक की मासिक आय अर्जित करने योग्य बन सकेंगे।