साइबर ठगी की रकम विदेश पहुंचाने वाले नेटवर्क का खुलासा, बीकानेर में एक आरोपी गिरफ्तार

Description of image

बीकानेर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी की रकम अपने बैंक खातों में प्राप्त करने और उसे आगे पहुंचाने वाले नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि बैंक खाते कमीशन पर खरीदने-बेचने के मामले में दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी और उससे जुड़े लोगों के बैंक खातों में करीब 18 लाख रुपये का लेनदेन सामने आया है।

 

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के संपर्क में रहकर ठगी की रकम अपने तथा अपने साथियों के बैंक खातों में प्राप्त करता था। इसके बदले आरोपी और उसके साथी कमीशन लेते थे। इसके बाद ठगी की रकम को नकदी और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से विदेश भेजने की प्रक्रिया में शामिल होने का मामला सामने आया है।

 

टेलीग्राम के जरिए विदेशी साइबर अपराधियों से संपर्क

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी और दोनों बाल अपचारी टेलीग्राम ऐप के माध्यम से विदेश में बैठे साइबर अपराधियों के संपर्क में थे। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपने तथा स्थानीय साथियों के नाम से विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए थे। इन खातों से संबंधित जानकारी, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग क्रेडेंशियल्स कथित तौर पर टेलीग्राम के माध्यम से साइबर अपराधियों को उपलब्ध करवाए जाते थे।

 

आरोप है कि विदेशी साइबर ठग अलग-अलग राज्यों में लोगों से ठगी कर प्राप्त रकम इन बैंक खातों में जमा करवाते थे। रकम जमा होने के बाद खाताधारकों की मदद से एटीएम के जरिए नकदी निकाली जाती थी। इसमें से निर्धारित कमीशन काटकर शेष राशि से क्रिप्टोकरेंसी खरीदी जाती थी। इसके बाद USDT के माध्यम से रकम विदेश भेजने की बात भी जांच में सामने आई है।

 

भरत नाई के बैंक खातों पर मिलीं पांच शिकायतें

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान भरत कुमार नाई (22), पुत्र भारमल नाई, निवासी सिने मैजिक के सामने, वाली रोड नंबर-5, रोड नंबर-5 औद्योगिक क्षेत्र, रानी बाजार, बीकानेर के रूप में हुई है।

 

जांच के दौरान आरोपी भरत कुमार नाई के बैंक खातों से संबंधित देश के विभिन्न राज्यों में कुल पांच एनसीआरपी साइबर अपराध शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन शिकायतों और बैंक खातों में हुए लेनदेन की जांच कर रही है।

 

आरोपी तथा दोनों बाल अपचारियों से पूछताछ और जब्त मोबाइल फोन एवं बैंक खातों के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

 

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ आरपीएस और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान दल दीपचंद सारण आरपीएस के सुपरविजन में साइबर थाना प्रभारी शालिनी बजाज आरपीएस के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक विजेंद्र कुमार शीला एवं साइबर थाना टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

 

पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों, बैंक खातों के इस्तेमाल, संदिग्ध लेनदेन और साइबर ठगी की रकम के स्रोत एवं गंतव्य की जांच कर रही है।

 

आमजन से पुलिस की अपील

 

बीकानेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे या लालच में आकर अपने नाम से बैंक खाते खुलवाकर दूसरों को इस्तेमाल के लिए न दें। बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर अपराध से प्राप्त अवैध रकम के लेनदेन में होने पर खाताधारक कानूनी परेशानी में फंस सकता है।

 

पुलिस ने नागरिकों से अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी और नेट बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की भी अपील की है। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

ऑपरेशन नीलकंठ: नोखा पुलिस ने 9 महीने से फरार मादक पदार्थ तस्करी के वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार

बीकानेर/नोखा, 9 अक्टूबर। बीकानेर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रह…