
जयपुर। भारतीय सेना और जयपुर के भगवान महावीर कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बी एम सी एचआर सी), ने एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए, जो कि पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सेवा सहायता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह समझौता ज्ञापन (MoU) सप्त शक्ति कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ। यह सहयोग पूर्व सैनिकों को व्यापक एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएँ प्रदान करने के प्रति भारतीय सेना एवं नागरिक चिकित्सा संस्थानों की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस समझौते के अंतर्गत, भगवान महावीर कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र द्वारा पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों को विशेष चिकित्सा सुविधाएँ प्रदान की जाएंगी। इस पहल के अंतर्गत, BMCHRC द्वारा जयपुर स्थित आशा स्कूल को रुपये 15 लाख मूल्य के आवश्यक चिकित्सा उपकरण भी प्रदान किए गए है जिससे विशेष बच्चों के पुनर्वास एवं देखभाल के क्षेत्र में संस्था के प्रयासों को सुदृढ़ प्रोत्साहन मिला है।
यह समझौता ज्ञापन (MoU) सैन्य-नागरिक सहयोग की अटूट भावना को रेखांकित करता है और पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति सशस्त्र बलों और नागरिक संस्थानों की साझा प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।