
बीकानेर, 26 अप्रैल। केंद्रीय कानून मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने छत्तरगढ़ उपखंड मुख्यालय स्थित वैली छत्तरगढ़ परिसर में रविवार को आयोजित प्रतिभा सम्मान एवं आभार समारोह में क्षेत्र की प्रतिभाओं का सम्मान किया। समारोह में वर्ष 2000 से 2026 के दौरान विभिन्न राजकीय सेवाओं में चयनित होने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कानून मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने युवाओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, लगन और प्रतिभा का सम्मान जब मंच पर होता है, तो वह पल जीवनभर प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि वैली छत्तरगढ़ परिवार द्वारा प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना सराहनीय पहल है। यह कार्यक्रम न केवल सम्मानित प्रतिभाओं के लिए, बल्कि उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है जो अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हैं। विशिष्ट अतिथि खाजूवाला विधायक डॉ विश्वनाथ मेघवाल ने विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
*आईएएस समेत 43 प्रतिभाओं का किया गया सम्मान*
समारोह में आईएएस,आरएएस, एमबीबीएस, आईआईटी, प्रथम ग्रेड व्याख्याता, यूपीएससी सहित विभिन्न राजपत्रित सेवाओं में चयनित कुल 43 प्रतिभाओं को साफा और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। पूरे परिसर में उत्साह, गर्व और खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत में आयोजन समिति के सदस्यों श्री नारायण दास अरोड़ा,श्री हरिकिशन कोठारी, श्री राजेन्द्र चौहान, श्री श्याम सुंदर पारीक एवं श्री नेमीचंद उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने केंद्रीय मंत्री का माला व साफा पहनाकर नागरिक अभिनंदन किया। इस अवसर पर खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल का भी अरोड़ा समाज द्वारा अभिनंदन किया गया।इस दौरान आईएएस में 91 रैंक पर चयनित सुश्री ट्विंकल अरोड़ा व उनके माता-पिता का विशेष रूप से सम्मान किया गया।
समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में क्रय-विक्रय सहकारी समिति के चेयरमैन श्री हरिकिशन जोशी,श्री गुमान सिंह राजपुरोहित, श्री ओमप्रकाश मेघवाल, श्री मुकेश शर्मा, एसडीएम श्री पवन कुमार, तहसीलदार श्री कमलेश कुमार, सीआईश्री नवनीत सिंह, श्री जुगल किशोर राठी, श्री श्याम सुंदर पारीक, श्री राजू राय, श्री सब्बू खान, श्री फैयाज हुसैन, श्री दिल्लू खां नागौरी, श्री कुशाल चुचड़ा, श्री भवानी शंकर, श्री वंटी कटारिया, श्री मदन लाल चुग, श्री सत्यनायाराण बजाज, श्री नेतराम नावरियां,श्री राजू राइका,श्री इंद्र कुमार ओझा, श्री यासीन मलिक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।