
बीकानेर, 29 अप्रैल। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर 23 से 25 मई तक जयपुर में होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) के प्रचार-प्रसार और ग्रामीणों को राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने का अभियान बुधवार को भी जारी रहा।
ग्राम रथ अभियान के दूसरे दिन जिले के पांचों ग्रामीण क्षेत्रों की 26 ग्राम पंचायतों में रथों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रत्येक पंचायत से जनप्रतिनिधियों, कार्मिकों और क्षेत्र के मौजीज लोगों ने इन रथों को अगली पंचायत के लिए रवाना किया। रथों के साथ लोक कलाकारों के कला जत्थों ने पारंपरिक तरीके और लोक गीतों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं सभी 13 विभागों के 11 हजार से अधिक प्रचार साहित्य का वितरण किया गया।
*इन ग्राम पंचायतों तक पहुंचे रथ*
अभियान के तहत प्रचार रथ लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र के अजीतमाना, मकड़ासर, डूडीवाली और सोढ़वाली, नोखा के जेगला, जांगलू, पिथरासर, जयसिंहदेसर मगरा और बंधाला, श्रीडूंगरगढ़ के दुलचासर, देराजसर, सेरूणा, राजेडू और बापेऊ, खाजूवाला के नाडा, हनुमाननगर, सम्मेवाला, डेली तलाई शिवनगर और भुट्टों का कुआं तथा कोलायत विधानसभा क्षेत्र के कोलासर पश्चिम, गोगड़ियावाला, बीकमपुर, चारणवाला, फूलासर छोटा तथा फूलासर बड़ा ग्राम पंचायत पहुंचे। सभी 26 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में कुल 7694 ग्रामीणों (पुरुष एवं महिला) ने सहभागिता की। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के आवेदन भी करवाए गए।