बीकानेर रेंज में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर

Description of image

बीकानेर, 13 मई। राजस्थान पुलिस अकादमी जयपुर के सह-निदेशक एवं बीकानेर रेंज प्रभारी अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्री झेकुल एल. एथक कुमार नजर्ही तथा बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस श्री ओमप्रकाश की अध्यक्षता में बुधवार को बीकानेर रेंज स्तरीय अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ एवं चूरू जिलों के पुलिस अधीक्षक एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में बीकानेर जिले के पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा, श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक श्री हरि शंकर, हनुमानगढ़ के पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सिंह मीणा, चूरू के पुलिस अधीक्षक श्री निश्चय प्रसाद एम., बीकानेर सदर की पुलिस उपाधीक्षक श्रीमती अनुष्ठा कालिया (आईपीएस प्रो.) तथा बीकानेर रेंज कार्यालय के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ तिवाड़ी सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में रेंज में अपराधों की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों, कानून व्यवस्था तथा नशा एवं हथियार तस्करी की रोकथाम को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस ने निर्देश दिए कि नए कानूनी प्रावधानों के तहत 60 एवं 90 दिवस में निस्तारित किए जाने वाले प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने फरार अपराधियों एवं विदेश भाग चुके आरोपियों से जुड़े गंभीर मामलों में अनुसंधान शीघ्र पूर्ण कर धारा 356 बीएनएसएस (Trial in Absentia) के तहत न्यायालय में कार्रवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि ऐसे अपराधियों को सजा दिलाई जा सके।

बैठक में लंबित प्रकरणों की संख्या कम करने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए गए कि पेंडेंसी 10 प्रतिशत से नीचे लाई जाए तथा धारा 173(8) सीआरपीसी/193(3) बीएनएसएस से संबंधित प्रकरणों एवं री-ओपन मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों की अलग से समीक्षा कर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया।

मालखानों में पड़े जब्त वाहनों एवं साक्ष्यों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही एनडीपीएस एक्ट एवं अन्य कानूनों के तहत अधिकतम कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण ध्वस्त करने पर बल दिया गया।

बैठक में बीकानेर एवं श्रीगंगानगर क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी को गंभीर चुनौती बताते हुए ड्रोन ड्रॉपिंग के पैटर्न का अध्ययन कर विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। भारतमाला एवं एक्सप्रेस-वे मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरों की कवरेज मजबूत करने तथा बंद पड़े कैमरों को पुनः चालू कराने पर भी जोर दिया गया।

रेंज में बढ़ते नशे के प्रभाव की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाने एवं नशा मुक्ति केंद्रों के बेहतर संचालन के निर्देश दिए गए। साथ ही हथियार तस्करी, गैंग गतिविधियों और फिरौती संबंधी मामलों में आपसी समन्वय एवं सूचना तंत्र मजबूत करने पर बल दिया गया।

कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आगामी दिनों में संभावित संवेदनशील मुद्दों पर विशेष निगरानी रखने, आमजन एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने तथा हर स्थिति में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रखने के निर्देश दिए गए। सिंचाई, पेयजल आपूर्ति, एमएसपी पर गेहूं खरीद, बारदाने की उपलब्धता तथा फसल बीमा जैसे मुद्दों पर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

बैठक के अंत में पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियानों में अधिकतम कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा रेंज में होने वाली घटनाओं की रियल टाइम रिपोर्टिंग प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

ग्राम पंचायतों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में अधिकारीगण करें कार्य – श्री अरुण चतुर्वेदी, अध्यक्ष, राज्य वित्त आयोग

बीकानेर, 13 मई। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि ग्राम पंचायतों क…