
बीकानेर/थिम्पू। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच के तत्वावधान में भूटान की राजधानी थिम्पू में 25 देशों के राष्ट्रीय ध्वजों के सानिध्य में भव्य योग कार्यक्रम एवं भारत-भूटान शांति रत्न अवॉर्ड समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बीकानेर के डॉ. रामदयाल भाटी को पत्रकारिता, समाजसेवा एवं फिल्म क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत-भूटान शांति रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
भारत से पहुंचे 85 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने होटल व्हाइट तारा में आयोजित योग साधना में भाग लेकर भारत की प्राचीन वैदिक योग परंपरा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामदेव आश्रम खंदरा के मठाधीश श्री रामदेव महाराज ने की, जबकि मुख्य अतिथि सुश्री सतेन्दर कौर पन्नू रहीं।
विशिष्ट अतिथियों में मंच के ब्रांड एम्बेसेडर सवेन्द्रजीत सिंह, पद्मश्री इंजी. नरेन्द्र कुमार पाण्डेय, डॉ. चन्द्रशेखर शर्मा, प्रवीण त्रिवेदी, श्रीमती आशा डामोर तथा शिक्षाविद भवानी शंकर शर्मा शामिल रहे। सभी वक्ताओं ने योग के वैदिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
राजस्थान से आए मास्टर ईशान एवं निशित ने योग कार्यक्रम का नेतृत्व किया, जबकि डॉ. पंकज थानवी ने सूर्य नमस्कार का विशेष प्रस्तुतीकरण दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कुलदीप शर्मा ने किया तथा मंच के संयोजक कुलदीप प्रसाद शर्मा ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
दोपहर में आयोजित भारत-भूटान शांति रत्न अवॉर्ड समारोह में भूटान के पूर्व सांसद दशा रितु राज एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री लोक नाथ शर्मा ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 51 प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इसी क्रम में बीकानेर के डॉ. रामदयाल भाटी को पत्रकारिता, समाजसेवा एवं फिल्म क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए भारत-भूटान शांति रत्न अवॉर्ड प्रदान किया गया।
डॉ. भाटी के सम्मानित होने पर विभिन्न सामाजिक, प्रशासनिक एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे बीकानेर के लिए गौरव का क्षण बताया।