
बीकानेर, 24 जून। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बीकानेर दौरे के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल के रेल नेटवर्क के विस्तार की बड़ी घोषणा करते हुए अनूपगढ़-कानासर (131 किमी) एवं रोजड़ी-खाजूवाला (54 किमी) नई रेल लाइन परियोजनाओं को शीघ्र प्रारंभ करने की जानकारी दी।
रेल मंत्री ने बताया कि लगभग 2374 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इन दोनों परियोजनाओं के माध्यम से कुल 186 किलोमीटर लंबे रेल नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। इससे भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे क्षेत्रों तक रेलवे की पहुंच मजबूत होगी तथा सीमावर्ती इलाकों में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगा।
उन्होंने कहा कि इन नई रेल लाइनों के निर्माण से सीमावर्ती क्षेत्रों की कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी। साथ ही व्यापार, कृषि, शिक्षा, पर्यटन एवं स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की सुविधाएं बढ़ेंगी और सामाजिक-आर्थिक विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे नेटवर्क का यह विस्तार केवल परिवहन सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। सीमावर्ती क्षेत्रों तक रेल पहुंचने से सामरिक दृष्टि से भी देश की क्षमता में वृद्धि होगी तथा क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि बीकानेर मंडल के लिए यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे मंडल का रेल नेटवर्क और अधिक सशक्त एवं विस्तृत होगा। साथ ही राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों को देश के अन्य हिस्सों से बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा।
रेल मंत्री ने विश्वास जताया कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत-2047” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सार्थक कदम सिद्ध होगी।