
बीकानेर, 24 जून। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत नोखा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 25.34 ग्राम एमडी (मादक पदार्थ) बरामद किया है। मादक पदार्थ की तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा एवं वृत्ताधिकारी नोखा जर्नैल सिंह के सुपरविजन तथा थाना प्रभारी अरविंद कुमार भारद्वाज के निर्देशन में उपनिरीक्षक कुशलाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुजानगढ़ रोड स्थित श्री बालाजी मोटर्स एंड सर्विस सेंटर के पास कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान रामप्रताप विश्नोई (46) निवासी काकड़ा, थाना जसरासर तथा श्रवण पारीक (31) निवासी काकड़ा, थाना जसरासर, जिला बीकानेर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 25.34 ग्राम एमडी बरामद की गई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला तथा इस मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। मामले की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कुशलाराम, हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, अक्षय कुमार तथा कांस्टेबल बाबूलाल एवं तेजाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।