
बीकानेर। जेएनवीसी थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वर्ष 2022 के जानलेवा हमले के मामले में पिछले चार वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार 5 मई 2022 को परिवादी सुभाष लेघा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 मई 2022 की शाम करीब 6 बजे कैलाश विश्नोई, कुलदीप, जेपी चौधरी, रोहित कसवां, अनिल खीचड़, गौरव कामरा, अभिषेक, अमन तथा अन्य लोगों ने जयपुर रोड स्थित उसके रिसोर्ट में घुसकर उस पर एवं वहां कार्यरत कर्मचारियों पर जानलेवा हमला किया। घटना में कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं तथा रिसोर्ट में तोड़फोड़ भी की गई। मामले में जातिगत आधार पर हमला करने के आरोप में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गईं। इस संबंध में जेएनवीसी थाने में प्रकरण संख्या 149/2022 दर्ज किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक बीकानेर के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) और सहायक पुलिस अधीक्षक सदर के सुपरविजन में गठित टीम ने लगातार सूचना संकलन एवं तलाश अभियान चलाया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर जेएनवीसी थाना और डीएसटी टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में वांछित 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी सुरेन्द्रपाल विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेन्द्रपाल पुत्र गोकुलराम विश्नोई (30 वर्ष), निवासी सांवतसर, थाना सेरूणा, जिला बीकानेर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले चार वर्षों से फरार चल रहा था। फिलहाल उससे मामले में गहन पूछताछ की जा रही है तथा अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई में शामिल टीम:
जेएनवीसी थानाधिकारी निरीक्षक विक्रम तिवाड़ी
डीएसटी टीम के दीपक यादव
विजय सिंह (जेएनवीसी थाना)
संदीप (डीएसटी टीम)
प्रभुराम (जेएनवीसी थाना)