
बीकानेर, 10 जुलाई। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नयाशहर थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। साथ ही घर से लापता तीन गुमशुदा व्यक्तियों को दस्तयाब कर सकुशल उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश (आईपीएस) एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री चक्रवर्ती सिंह राठौड़ (आरपीएस) तथा वृत्ताधिकारी नगर श्री अनुज डाल (आरपीएस) के सुपरविजन में थानाधिकारी नयाशहर कविता पुनिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
विशेष अभियान के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी प्रकाश पुत्र बाबूलाल ओड़ निवासी लालीबाई बगेची, बीकानेर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इसके अलावा थाना क्षेत्र से गुमशुदा हुए तीन लोगों को भी पुलिस टीम ने तत्परता से तलाश कर सुरक्षित बरामद किया। इनमें एक स्कूली छात्रा को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दस्तयाब कर परिजनों को सौंपा गया। दूसरी युवती, जो 9 जुलाई की रात घर से चली गई थी, उसे तारानगर (चूरू) से बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। वहीं 6 जुलाई से लापता एक युवक को सीसीटीवी फुटेज एवं कॉल डिटेल के आधार पर जयपुर से दस्तयाब कर सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी कविता पुनिया, एएसआई अजय कुमार, एएसआई सुनीता यादव, हेड कांस्टेबल कपिल कुमार, हेमराज, शेर सिंह तथा कांस्टेबल ओमप्रकाश, बीरबलराम और प्रह्लाद राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नयाशहर थाना पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से एक ओर जहां लंबे समय से फरार वारंटी को गिरफ्तार किया गया, वहीं तीन परिवारों को उनके लापता सदस्यों से मिलाकर राहत प्रदान की गई।