
बीकानेर, 17 जुलाई। बीकानेर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत पुलिस थाना नापासर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30.65 ग्राम अवैध एमडी (मेफेड्रोन) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक एक्टिवा स्कूटी (आरजे07 बीएस 8464) भी जब्त की है।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश (आईपीएस) तथा जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) कविता सिंह राठौड़ (आरपीएस) एवं वृत्ताधिकारी गंगाशहर हिमांशु शर्मा (आरपीएस) के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी कविता पूनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त एवं निगरानी के दौरान एनएच-11 पर रोही हिम्मतासर स्थित एक्सोटिका रिसोर्ट के पास पहुंची। यहां संदिग्ध एक्टिवा स्कूटी पर सवार युवक मुकेश बिश्नोई (22) पुत्र मांगीलाल बिश्नोई निवासी वार्ड संख्या 9, बज्जू को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 30.65 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह राठौड़ को सौंपी गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त एवं सप्लाई नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहन अनुसंधान कर रही है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी कविता पूनिया के साथ पुलिसकर्मी प्रदीप कुमार, गोगराज, विजयपाल एवं गोरखाराम की विशेष भूमिका रही।