
बीकानेर, 17 जुलाई। बीकानेर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत पुलिस थाना नाल ने कार्रवाई करते हुए 29.08 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश (आईपीएस) एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ (आरपीएस) तथा वृत्ताधिकारी गंगाशहर हिमांशु शर्मा (आरपीएस) के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी विकास बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोविंद (26) पुत्र नारायण राम, निवासी खारा, थाना फलोदी, जिला फलोदी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 29.08 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच उपनिरीक्षक हेतराम, पुलिस थाना गंगाशहर द्वारा की जा रही है। पुलिस आरोपी से अफीम की खरीद-फरोख्त एवं इसके स्रोत के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी विकास बिश्नोई के साथ सुभाषचंद, गौरीशंकर, दिनेश कुमार एवं रमेश की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के विरुद्ध “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा तथा मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।