
बीकानेर, 27 जुलाई। कूडो मार्शल आर्ट सोसाइटी द्वारा आयोजित 13वें कूडो (जापानी मिक्स्ड कॉम्बैट स्पोर्ट्स) जिला स्तरीय ट्रेनिंग कैम्प का सोमवार को पीएसटी मार्शल आर्ट एकेडमी, शिव वैली, गंगाशहर रोड, बीकानेर में सफलतापूर्वक समापन हुआ। तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में जिले के विभिन्न विद्यालयों तथा ओपन वर्ग के 200 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कूडो बीकानेर की सैन्सई सोनिका सैन ने बताया कि शिविर का उद्देश्य खिलाड़ियों को कूडो मार्शल आर्ट की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देकर आगामी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना था। प्रशिक्षण के दौरान कूडो राजस्थान के मुख्य प्रशिक्षक रेन्शी प्रीतम सैन ने खिलाड़ियों को जापानी मिक्स्ड कॉम्बैट स्पोर्ट्स कूडो की विभिन्न तकनीकों का गहन अभ्यास कराया। इसमें थ्रो की विभिन्न तकनीकें, ग्रैपलिंग तथा ग्राउंड फाइटिंग स्किल्स का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
सोसाइटी के उपाध्यक्ष नगेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि समापन समारोह में सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महिला अधिकारिता विभाग, नागौर के उपनिदेशक सतीश परिहार, रायसेन स्कूल की प्राचार्य शालिनी जैन एवं व्यवसायी रित्विक सेठिया उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, निरंतर अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा आगामी कूडो प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रशिक्षकों एवं अतिथियों ने कहा कि कूडो जैसे मार्शल आर्ट युवाओं में आत्मविश्वास, आत्मरक्षा, शारीरिक दक्षता और मानसिक मजबूती विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। शिविर के सफल आयोजन पर खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों ने कूडो मार्शल आर्ट सोसाइटी का आभार व्यक्त किया।