
बीकानेर, 29 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बीकानेर स्थित काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर के पीछे संसोलाव तालाब पर स्थित प्राचीन श्री नागा बाबा की समाधि पर धार्मिक आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर कनू मंडल द्वारा श्री नागा बाबा की समाधि का विधिवत अभिषेक, पूजन एवं आरती का आयोजन किया गया।
गुरु पूर्णिमा के मौके पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों का समाधि स्थल पर आगमन शुरू हो गया। भक्तों ने श्रद्धा भाव से श्री नागा बाबा की समाधि पर पुष्प, नारियल एवं प्रसाद अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे दिन समाधि स्थल पर भक्तों का तांता लगा रहा।
पूजन कार्यक्रम में कनू मंडल के सदस्य श्री ग्वालदास व्यास, बच्चू, श्री कन्हैया लाल रंगा, बृज्जू पुरोहित, अशोक पुरोहित, केके छंगाणी, ईन्दू जोशी, सांगरिया सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी भक्तों ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
श्रद्धालुओं के अनुसार श्री नागा बाबा की समाधि बीकानेर की प्राचीन धार्मिक धरोहरों में से एक है। मान्यता है कि श्री नागा बाबा के आध्यात्मिक चमत्कारों की ख्याति दूर-दूर तक थी। बीकानेर के पूर्व महाराजा गंगा सिंह जी भी बाबा के दर्शन करने आते थे और उनके आशीर्वाद को विशेष महत्व देते थे।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और परंपरा का अनूठा वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने कहा कि ऐसी प्राचीन समाधियां हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जहां आकर मन को शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति होती है।