नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर, नार्को कॉर्डिनेशन कमेटी की बैठक आयोजित

Description of image

बीकानेर, 19 अगस्त। जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन की अध्यक्षता में बुधवार को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नार्को कॉर्डिनेशन कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिले में नशे की रोकथाम, नशा मुक्ति केन्द्रों की निगरानी, युवाओं में जागरूकता तथा नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री एवं दुरुपयोग के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

 

जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी एवं व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने नशा मुक्ति केन्द्रों का समय-समय पर निरीक्षण करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि केन्द्र निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित हों।

 

उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध ऑपरेशन नीलकंठ चलाया जा रहा है, जिसके तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। सीमा क्षेत्रों में भी नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन समन्वय के साथ अभियान को और गति देंगे। साथ ही स्कूल, कॉलेज एवं कोचिंग संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए गतिविधियां बढ़ाई जाएंगी।

 

पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा ने कहा कि जिले में संचालित नशा मुक्ति केन्द्र नियमानुसार संचालित हों, यह सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस, चिकित्सकों, विद्यार्थियों सहित विभिन्न वर्गों को जोड़कर समूह बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना देने के लिए पुलिस द्वारा व्हाट्सऐप नंबर 87645-07201 जारी किया गया है। इस नंबर पर आमजन कभी भी नशे से संबंधित जानकारी दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम एवं मोबाइल नंबर गोपनीय रखा जाएगा तथा संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

इससे पूर्व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक श्री एल.डी. पंवार ने बताया कि विभाग द्वारा नशा मुक्ति को लेकर निरंतर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में देवस्थान विभाग के सहयोग से धर्मगुरुओं के माध्यम से भी नशे के खिलाफ अपील जारी करवाई जाएगी। विभिन्न श्रमिक संगठनों के माध्यम से मजदूरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

 

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरुण शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों में नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों में स्लोगन लेखन, पोस्टर प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों में अब तक एक लाख से अधिक बच्चों ने भाग लिया है। उन्होंने बताया कि नो बैग डे के दौरान भी विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूक करने वाली गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

 

बैठक में कोचिंग संस्थानों के प्रतिनिधि ने बताया कि ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा के तहत कोचिंग संस्थानों में सुझाव पेटिकाएं लगाई गई हैं, जिनमें विद्यार्थी नशे की बिक्री आदि से संबंधित जानकारी दे रहे हैं। प्राप्त सूचनाएं पुलिस एवं प्रशासन तक पहुंचाई जा रही हैं। इसी प्रकार श्री डूंगर कॉलेज में नई किरण नशा मुक्ति केन्द्र के माध्यम से एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड सहित विभिन्न संगठनों के सहयोग से नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

 

ड्रग कंट्रोलर श्री देवेन्द्र खेदावत ने बताया कि जुलाई माह में कुल 38 कार्रवाई की गईं। इनमें 10 दवा दुकानों पर अनियमितताएं पाई गईं, 12 दुकानों को नोटिस जारी किए गए, 9 दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए तथा एक दुकान का लाइसेंस निरस्त किया गया। उन्होंने बैठक में एक दवा के दुरुपयोग से संबंधित जानकारी भी साझा की।

 

एएनटीएफ के श्री महेन्द्र दत्त ने बताया कि चौपड़ा कटला क्षेत्र में एक अवैध क्लीनिक को सीज कर उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाई गई है।

 

बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, बीकानेर एसडीएम सुश्री महिमा कसाना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद

बीकानेर। पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश आईपीएस एवं पुलिस अधीक्षक जिला बीकाने…