
बीकानेर। नगर निगम चुनाव की सरगर्मियों के बीच वरिष्ठ राजनीतिज्ञ राजकुमार किराडू ने पार्षद पद का चुनाव लड़ने के इच्छुक युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के नाम एक जोरदार संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि राजनीति को केवल पद, पहचान और प्रभाव हासिल करने का माध्यम बनाने के बजाय इसे जिम्मेदारी, सेवा और जनहित का माध्यम बनाने की आवश्यकता है।
किराडू ने कहा कि उनका उद्देश्य ऐसे योग्य, ईमानदार और सेवाभावी युवाओं को आगे लाना है, जो अपने वार्ड को अपना परिवार मानकर राजनीति में आएं और “राजनीति में व्यापार नहीं, सेवा का संकल्प” लेकर चुनाव लड़ें। आज आवश्यकता ऐसे जनप्रतिनिधियों की है, जिनके लिए राजनीति का अर्थ कुर्सी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और निरंतर सेवा हो तथा जो वार्ड के प्रत्येक व्यक्ति के सुख-दुःख में खड़े रहें।
राजकुमार किराडू ने पार्षद पद के दावेदारों के लिए जनसेवा की प्राथमिकताएं तय करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रत्याशी को यह संकल्प लेना चाहिए कि वार्ड के गरीब परिवारों को सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा तथा जनसहयोग से जरूरतमंद परिवारों को राशन एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वार्ड में बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए 24×7 सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किए जाएंगे, ताकि सफाई केवल कागजों तक सीमित न रहे। वार्डवासियों के लिए प्रत्येक तीन माह में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने, बच्चों को शिक्षा के अधिकार कानून के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन देने तथा सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों के लिए प्रत्येक दो माह में निःशुल्क सहायता शिविर लगाने का प्रयास किया जाएगा।
इन सहायता शिविरों में खाद्य सुरक्षा योजना, ई-श्रम कार्ड, सरकारी ऋण, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, बेरोजगारी भत्ता सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
किराडू ने कहा कि शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार मेले आयोजित कराने, वार्ड की कन्याओं के लिए निःशुल्क लाइब्रेरी की व्यवस्था कराने तथा सरकारी सेवाओं के लिए लोगों को दूर-दूर भटकना न पड़े, इसके लिए निःशुल्क ई-मित्र संचालन की व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, खेलकूद, कौशल विकास, मोटिवेशनल कार्यक्रम और रोजगार मार्गदर्शन शिविर आयोजित कराने की बात कही। नशे की समस्या से जूझ रहे जरूरतमंद युवाओं और उनके परिवारों को नशा मुक्ति केंद्रों एवं उपलब्ध सरकारी/अधिकृत सेवाओं की जानकारी, काउंसलिंग, उपचार और आवश्यक दवाइयों तक पहुंचाने में सहयोग किया जाएगा।
राजकुमार किराडू ने पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा—“वार्ड के विकास कार्यों की जानकारी सार्वजनिक रखूंगा—कौन सा काम स्वीकृत हुआ, कितना हुआ और उसकी प्रगति क्या है।” उन्होंने कहा कि वार्डवासियों को यह जानने का पूरा अधिकार होना चाहिए कि उनके वार्ड में कौन सा विकास कार्य स्वीकृत हुआ, कितना कार्य पूरा हुआ और कौन सा कार्य अभी प्रगति पर है।
उन्होंने नगर निगम चुनाव में पार्षद पद के लिए दावेदारी करने वाले युवाओं से कहा कि यदि वे राजनीति में आना चाहते हैं तो अपने वार्ड के प्रत्येक व्यक्ति को अपना परिवार मानकर आएं। बिना भेदभाव, पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवा करने का संकल्प लेकर चुनाव मैदान में उतरें।
किराडू ने कहा कि जो युवा पद से ऊपर जनहित को प्राथमिकता देंगे और अपने वार्ड के विकास तथा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने का जज्बा रखते हैं, उनके साथ वे मजबूती से खड़े रहेंगे तथा चुनाव में जनसंपर्क से लेकर आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सहयोग केवल उन्हीं पार्षद प्रत्याशियों को मिलेगा, जो पद के लिए नहीं बल्कि समर्पण की भावना से चुनाव लड़ेंगे और केवल वादे नहीं, बल्कि परिणाम देने के उद्देश्य से काम करेंगे।
राजकुमार किराडू ने घोषणा करते हुए कहा कि जो भी पार्षद पद का प्रत्याशी इन जनसेवा आधारित संकल्पों को स्वीकार करते हुए चुनाव मैदान में उतरेगा और राजनीति को व्यापार नहीं बल्कि सेवा का माध्यम बनाएगा, उसे वे अपनी पूरी ताकत से सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका समर्थन किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि ईमानदार, पारदर्शी, जवाबदेह और सेवाभावी राजनीति की विचारधारा के लिए होगा।
प्रेस वार्ता में वार्ड नंबर 66 से रेखा अग्रवाल, 22 से सरला सांखला, 2 से गोपाल कृष्ण ओझा, 3 से मूलचन्द गहलोत, 75 से आशीष ओझा, 79 से रेखा गहलोत, 72 से सरिता पारीक, 58 से राजकुमार व्यास, 27 से नारायण उपाध्याय, 19 से कांता सुथार, 20 से शारदा देवी, 21 से जेठाराम डूडी, 25 से बसंत भोजक, 26 से लक्ष्मण राजपुरोहित, 43 से प्रकाश व्यास, 46 से जय दयाल गोदारा, 57 से डिम्पल व्यास, 80 से सोयब इस्लाम, 63 से दीपक तंवर, 6 से संदीप गहलोत, 31 से पप्पू सिंह, 14 से मैना राजपुरोहित, 56 से कस्तूरी ओझा, 8 से मनोज प्रजापत, 13 से प्रधुमन सिंह सोढ़ा, 45 से प्रकाश जावा तथा 6 से नाथी खान ने बीकानेर की जनता के लिए इन जनसेवा संकल्पों को स्वीकार किया।
इस अवसर पर प्रेम व्यास, कन्हैया लाल भाटी, हर्षवर्धन जोशी और रामचंद्र ओझा भी मौजूद रहे।
अंत में राजकुमार किराडू ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा—“हमारा उद्देश्य सिर्फ किसी को कुर्सी तक पहुंचाना नहीं है, बल्कि ऐसी राजनीति को आगे बढ़ाना है जिसमें आमजन की आवाज सबसे ऊपर हो। आज के युवा आगे आएं—लेकिन राजनीति को बदलने के संकल्प के साथ।”