
बीकानेर। बीकानेर जिला उद्योग संघ ने राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) द्वारा 99 वर्षीय पट्टे पर आवंटित औद्योगिक भूखंडों को निर्धारित शुल्क लेकर फ्री-होल्ड करने की नीति बनाने की मांग की है।
संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया एवं सचिव वीरेंद्र किराड़ू ने कहा कि फ्री-होल्ड नीति लागू होने से उद्योगों में निवेश, बैंक ऋण, उद्योग विस्तार एवं रोजगार सृजन को गति मिलेगी। उन्होंने सरकार से पारदर्शी प्रक्रिया एवं निर्धारित शुल्क के आधार पर स्थायी स्वामित्व का विकल्प उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने बताया कि लंबे समय से इन भूखंडों पर उद्योग संचालित हो रहे हैं। फ्री-होल्ड का विकल्प मिलने से उद्यमियों के भूमि अधिकार स्पष्ट होंगे तथा बैंक एवं वित्तीय संस्थानों से ऋण प्राप्त करने, नई मशीनरी लगाने और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में सुविधा होगी।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि इससे उद्यमियों में दीर्घकालीन निवेश का भरोसा बढ़ेगा और उद्योगों के विस्तार को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही निर्धारित शुल्क, स्टाम्प ड्यूटी एवं अन्य देय राशि के माध्यम से सरकार को अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त होगा।