
बीकानेर, 27 अगस्त। नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत स्वीप प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे के निर्देशन में गुरुवार को ज़िले भर की सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में ‘मतदान की मेहंदी एवं महिला संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। ज़िला मुख्यालय पर यह कार्यक्रम भीनासर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक जवाहर स्कूल के आंगनबाड़ी केन्द्र पर महिला एवं बाल विकास तथा महिला अधिकारिता विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं साथिनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
*मेहंदी और रंगोली के माध्यम से दिया मतदान का संदेश*
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए आकर्षक मेहंदी रचाई। साथ ही ‘मतदान अवश्य करें’ सहित विभिन्न संदेशों पर आधारित भव्य रंगोली का प्रदर्शन किया गया। गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं एवं उपस्थित लोगों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व की जानकारी दी गई।
*मतदान की मेहंदी प्रतियोगिता में करिश्मा प्रथम*
मतदान की मेहंदी प्रतियोगिता में करिश्मा ने प्रथम, अंकिता ने द्वितीय तथा पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अतिथियों द्वारा विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं मतदान जागरूकता को लेकर प्रेरक पोस्टर तैयार करने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रहमत को भी पुरस्कृत किया गया।
*मताधिकार संघर्ष से मिली लोकतांत्रिक अधिकार की अहमियत*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनसंपर्क अधिकारी एवं स्वीप सह प्रभारी श्री सुरेश बिश्नोई ने सभी से बिना किसी प्रलोभन अथवा दबाव के निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से मतदान करने की अपील की। उन्होंने बताया कि पूर्व में ब्रिटेन और अमेरिका जैसे देशों में भी मतदान का अधिकार सीमित वर्ग तक ही था। भारत की आजादी के बाद संविधान ने सभी को मताधिकार प्रदान किया। उन्होंने मताधिकार की इस ऐतिहासिक उपलब्धि तथा लोकतंत्र में एक-एक वोट के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
*पहले मतदान, फिर बाकी काम का दिया संदेश*
महिला एवं बाल विकास विभाग की सीडीपीओ बीकानेर शहर श्रीमती राजेश कंवर ने सभी को मतदान की शपथ दिलाई। साथ ही धन्यवाद ज्ञापित करते हुए महिलाओं से आह्वान किया कि वे मतदान के दिन सबसे पहले अपने परिवार के साथ मतदान करें और इसके बाद अन्य कार्य करें। उन्होंने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने तथा एक-एक वोट की कीमत समझने का संदेश दिया।
*स्वीप गतिविधियों और वोट की ताकत की दी जानकारी*
इससे पूर्व कार्यक्रम के सह प्रभारी एवं जिला परिषद के आईईसी समन्वयक श्री गोपाल जोशी ने स्वीप के तहत आयोजित की जाने वाली विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने सभी से अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।महिला अधिकारिता विभाग की प्रचेता श्रीमती विजय लक्ष्मी जोशी ने कार्यक्रम का संचालन किया।
*महिला कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा*
कार्यक्रम में स्वीप टीम के श्री भवानी सोलंकी, श्री हेमराज बिजारणिया, महिला पर्यवेक्षक श्रीमती कल्पना, श्रीमती मंजूला, श्रीमती मंजू एवं श्रीमती अनुराधा, महिला अधिकारिता विभाग की महिला पर्यवेक्षक श्रीमती रश्मि, महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र के स्टॉफ, पन्नाधान सुरक्षा सम्मान केन्द्र की प्रबंधक श्रीमती कविता सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं साथिनें समेत अन्य महिलायें मौजूद रहीं।