
बीकानेर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस थाना गजनेर ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में करीब 6 माह से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा आरपीएस एवं वृत्ताधिकारी कोलायत जयपाल सिंह आरपीएस के निर्देशन में थाना गजनेर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार प्रकरण संख्या 16, दिनांक 18 फरवरी 2026, धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट में वांछित आरोपी श्याम पुत्र भगवानाराम विश्नोई, उम्र 19 वर्ष, निवासी अमर सिंह की ढाणी, कानसिंह की सिड, थाना बाप, जिला फलोदी पिछले करीब छह माह से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर 5,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
1 किलो 955 ग्राम अफीम बरामद
मामले के अनुसार 18 फरवरी 2026 को पुलिस थाना गंडा की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एनएच-11 बीकानेर से फलोदी मार्ग पर रामदेव मंदिर रोही नोकड़ा के पास बोलेरो कैंपर RJ 07 GF 1616 की तलाशी ली थी। वाहन से पारदर्शी पॉलीथिन थैली में कुल 1 किलो 955 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई थी। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर आरोपी भरतराम आचार्य को गिरफ्तार किया था।
अनुसंधान के दौरान भरतराम आचार्य ने पूछताछ में अफीम का परिवहन श्याम पुत्र भगवानाराम विश्नोई के कहने पर करना बताया था। इसके बाद से श्याम फरार चल रहा था।
करीब सैकड़ों नंबरों पर निगरानी से मिली सफलता
वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी ओमप्रकाश सुथार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी के रिश्तेदारों एवं मित्रों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ-साथ करीब सैकड़ों मोबाइल नंबरों पर निगरानी रखी। साथ ही जोधपुर ग्रामीण डीएसपी से सूचनाओं का आदान-प्रदान किया गया। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप 30 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने वांछित आरोपी श्याम को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को 31 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस आरोपी से अवैध मादक पदार्थ अफीम की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क एवं इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
श्याम पुत्र भगवानाराम विश्नोई, उम्र 19 वर्ष, निवासी अमर सिंह की ढाणी, कानसिंह की सिड, थाना बाप, जिला फलोदी।
गठित पुलिस टीम:
ओमप्रकाश सुथार, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, थाना गजनेर
हरवीर सिंह, हेड कांस्टेबल 4005
अमित कुमार, कांस्टेबल 1079
वीरेन्द्र सिंह, डीआर 1421
पुलिस की ओर से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई एवं ऑपरेशन नीलकंठ लगातार जारी रहेगा।