
बीकानेर। जिले के पांचू थाना क्षेत्र में मारपीट के मामले में पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर आपसी प्रतिस्पर्धा के चलते एक युवक के साथ लाठी और लोहे के सरियों से मारपीट करने का आरोप है। घटना में युवक के हाथ में फ्रैक्चर होने सहित शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं।
स्कूल की प्रतिस्पर्धा को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, परिवादी छगनलाल निवासी पांचू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि आरोपी मुरली बोहरा, बाबूलाल, जितेंद्र और मनोज उसके द्वारा संचालित स्कूल से प्रतिस्पर्धा रखते हैं। इसी प्रतिस्पर्धा के चलते आरोपियों ने कथित तौर पर एकराय होकर जगदीश के साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने लाठी और लोहे के सरियों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में जगदीश के हाथ में फ्रैक्चर हो गया तथा शरीर पर कई चोटें आईं।
दो आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण संख्या 261/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. मुरली मनोहर बोहरा पुत्र रामरतन बोहरा, उम्र 30 वर्ष, निवासी मेन बाजार, पांचू।
2. जितेंद्र पुत्र चेतनराम, उम्र 19 वर्ष, निवासी आठूणा बास, पांचू।
अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा के निर्देशन में की गई। नोखा वृत्ताधिकारी जर्नैल सिंह एवं पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद के निकट सुपरविजन में एएसआई रामनिवास सहित पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी की।
पुलिस टीम में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद, एएसआई रामनिवास, कांस्टेबल लीलाराम एवं कांस्टेबल पंकज शामिल रहे।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है।