बीकानेर, 15 अक्टूबर 2026। राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर का नवम् दीक्षांत समारोह शुक्रवार, 16 अक्टूबर को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में राजस्थान के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री हरिभाऊ बागडे विद्यार्थियों को उपाधियां एवं पदक प्रदान करेंगे।
समारोह के दीक्षांत अतिथि राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान, पुणे, महाराष्ट्र के निदेशक डॉ. नवीन कुमार होंगे। इस गरिमामय आयोजन में विश्वविद्यालय के प्रबंध मंडल एवं अकादमिक परिषद के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने बताया कि नवम् दीक्षांत समारोह के सफल एवं गरिमामय आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। समारोह से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
42 पदक और 623 उपाधियों से सम्मानित होंगे विद्यार्थी
दीक्षांत समारोह के दौरान विद्यार्थियों को कुल 42 पदक एवं 623 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। यह आयोजन विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, मेहनत और समर्पण के सम्मान का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाला यह दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन की उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा।
