
बीकानेर। रेलवे द्वारा यात्री यातायात एवं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बीकानेर-बान्द्रा टर्मिनस-बीकानेर साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा का नियमित रेलसेवा के रूप में संचालन किया जाएगा। गाड़ी संख्या 04711/04712 को अब गाड़ी संख्या 14711/14712 बीकानेर-बान्द्रा टर्मिनस-बीकानेर साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 14711 बीकानेर-बान्द्रा टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस 26 अगस्त 2026 से प्रत्येक बुधवार को बीकानेर से दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 3:50 बजे बान्द्रा टर्मिनस पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14712 बान्द्रा टर्मिनस-बीकानेर साप्ताहिक एक्सप्रेस 27 अगस्त 2026 से प्रत्येक गुरुवार को बान्द्रा टर्मिनस से शाम 7:25 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 11:55 बजे बीकानेर पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह रेलसेवा मार्ग में श्रीडूंगरगढ़, राजलदेसर, रतनगढ़, चूरू, फतेहपुर शेखावाटी, लक्ष्मणगढ़ सीकर, सीकर, रींगस, जयपुर, दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, शामगढ़, नागदा, रतलाम, गोधरा, वडोदरा, भरूच, सूरत, वलसाड, वापी एवं बोरीवली स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
20 डिब्बों की होगी रेलसेवा
रेलसेवा में 01 सैकण्ड एसी, 02 थर्ड एसी, 11 द्वितीय शयनयान, 04 साधारण श्रेणी एवं 02 गार्ड डिब्बों सहित कुल 20 डिब्बे होंगे।
अस्थाई अतिरिक्त डिब्बे: बीकानेर से 26 अगस्त 2026 तथा बान्द्रा टर्मिनस से 27 अगस्त 2026 को इस रेलसेवा में 01 द्वितीय शयनयान एवं 01 थर्ड एसी श्रेणी के अस्थाई डिब्बे अतिरिक्त लगाए जाएंगे।
रेलवे के इस निर्णय से बीकानेर एवं मार्ग के अन्य शहरों से बान्द्रा टर्मिनस सहित राजस्थान, गुजरात एवं महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों की यात्रा करने वाले यात्रियों को नियमित रेलसेवा का लाभ मिलेगा।