वैश्विक बाजारों से जुड़ेंगे बीकानेर के निर्यातक, डाक विभाग ने दी निर्यात सेवाओं की विस्तृत जानकारी

Description of image

बीकानेर, 17 जुलाई। भारतीय डाक विभाग, बीकानेर मंडल द्वारा शुक्रवार को रानी बाजार स्थित होटल उत्सव में ‘एक्सपोर्ट फैसिलिटेशन मीट’ (निर्यात सुविधा बैठक) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय निर्यातकों, व्यापारियों, लघु उद्योगों एवं हस्तशिल्प से जुड़े उद्यमियों को भारतीय डाक विभाग की निर्यात सेवाओं से जोड़ते हुए वैश्विक बाजारों तक उनकी पहुंच को सरल एवं सुगम बनाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ बीकानेर मंडल के अधीक्षक डाकघर श्री रामावतार सोनी द्वारा अतिथियों एवं उपस्थित निर्यातकों के स्वागत के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल सतीश सोलंकी, निदेशक डाक सेवाएं, राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर ने कहा कि भारतीय डाक विभाग का वैश्विक नेटवर्क आज भी विश्वसनीयता और दक्षता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में डाक विभाग निर्यातकों के लिए एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने सभी निर्यातकों से डाक निर्यात केंद्र (Dak Niryat Kendra-DNK) की सेवाओं का अधिकतम उपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को विश्व बाजार तक पहुंचाने में डाक विभाग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में निर्यातकों की सक्रिय भागीदारी का भी आह्वान किया।
बैठक में श्री कोमल प्रसाद कुमावत, निरीक्षक डाकघर, जयपुर बिजनेस पोस्ट सेंटर ने डाक निर्यात केंद्र (DNK) की कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि निर्यातक अपने निकटतम डाकघर के माध्यम से किफायती दरों पर तथा सरल सीमा शुल्क (कस्टम) प्रक्रिया के साथ दुनिया के किसी भी देश में अपने उत्पाद भेज सकते हैं। इनमें बीकानेर की प्रसिद्ध भुजिया, पापड़, हस्तशिल्प, उस्ता कला, कनी वर्क, आर्टिफिशियल ज्वेलरी सहित अन्य स्थानीय उत्पाद शामिल हैं।
इस अवसर पर सीमा शुल्क (कस्टम) एवं सीजीएसटी विभाग के अधिकारियों ने निर्यात से जुड़े कर, दस्तावेजी प्रक्रिया एवं आवश्यक नियमों की जानकारी देते हुए उपस्थित व्यापारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में निर्यातकों ने अपने व्यावहारिक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया।
कार्यक्रम के अंत में बीकानेर के अंतरराष्ट्रीय व्यापार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले निर्यातकों का सम्मान भी किया गया।
इस अवसर पर डॉ. अनिल कुमार पूनिया (निदेशक, अनुसंधान केंद्र), धर्मेन्द्र उपाध्याय (सहायक आयुक्त, सीजीएसटी), श्रीमती मंजू नैण गोदारा (महाप्रबंधक, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, बीकानेर), रवि वीर चौधरी (सहायक निदेशक, हस्तशिल्प विकास आयुक्त कार्यालय, भारत सरकार, जोधपुर), गोपाल शर्मा (क्षेत्रीय प्रबंधक, EPCH, जोधपुर), द्वारका प्रसाद पचीसिया (अध्यक्ष, बीकानेर जिला उद्योग संघ), जुगल राठी (अध्यक्ष, बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल), बाल किशन परिहार (अध्यक्ष, लघु उद्योग भारती), सीमा शुल्क विभाग के अधिकारी, डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में निर्यातक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डाक विभाग के अधिकारियों सुदर्शन सामरिया (ASP, जोधपुर), जितेन्द्र (IP, जोधपुर), हरि प्रसाद कुरी (ASP, बीकानेर), श्रवण कुमार (ASP), प्रेम सिंह (IP), गौरव चलाना (IP), खुशबू राठी (IP), बनवारी लाल बैरवा (मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, बीकानेर), सुरेन्द्र मोहता एवं सुनील लोर का विशेष सहयोग रहा।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने लोहारू एवं महेन्द्रगढ़ स्टेशनों का किया निरीक्षण

  सोमवार को बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने लोहारू एवं महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन…