
बीकानेर, 28 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय, विश्वास एवं आत्मीयता स्थापित करने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं में पुलिस के प्रति सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा चलाए जा रहे “रक्षा का वचन” कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को पुलिस थाना नया शहर में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश आईपीएस एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री मृदुल कच्छावा आईपीएस के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं एवं महिलाओं ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधी।
इस दौरान उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, साइबर सुरक्षा तथा पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सहायता एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया के सदुपयोग एवं दुरुपयोग सहित जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी श्री सुरजीत कुमार पुनिया सहित थाना स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं आत्मीयता को मजबूत करना तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक करना रहा।