
बीकानेर, 28 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय, विश्वास एवं आत्मीयता स्थापित करने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं में पुलिस के प्रति सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा चलाए जा रहे “रक्षा का वचन” कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को पुलिस थाना नापासर में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश आईपीएस एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री मृदुल कच्छावा आईपीएस के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। इस दौरान उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, साइबर सुरक्षा तथा पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सहायता एवं सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सोशल मीडिया के सदुपयोग एवं दुरुपयोग तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कक्षा 12वीं की छात्रा मोहिता पारीक को एक दिन के लिए थानाधिकारी बनाना रहा। छात्रा ने पुलिस की कार्यप्रणाली को समझा तथा महिला सुरक्षा एवं पुलिस व्यवस्था से जुड़े सवालों के जवाब दिए। उन्हें “ऑपरेशन नीलकंठ” के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी सुश्री कविता पुनिया, सहायक उप निरीक्षक श्री जगदीश कुमार, हेड कांस्टेबल शक्ति सिंह सहित थाना स्टाफ उपस्थित रहा।